मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

अहमदाबाद विमान हादसा : एलआईसी और बजाज आलियांज ने पीड़ित परिवारों के लिए शुरू की विशेष सेवा

अहमदाबाद विमान हादसा : एलआईसी और बजाज आलियांज ने पीड़ित परिवारों के लिए शुरू की विशेष सेवा

 नई दिल्ली।  अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 की दुखद दुर्घटना के बाद बीमा कंपनियों ने त्वरित सहायता के लिए कदम उठाए हैं। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) और बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस ने हादसे में प्रभावित परिवारों के लिए विशेष राहत योजनाएं शुरू की हैं। दोनों कंपनियों ने दावा निपटान की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाते हुए यह सुनिश्चित किया है कि पीड़ितों को जल्द से जल्द वित्तीय सहायता मिल सके। यह प्रयास पीड़ित परिवारों के दर्द को थोड़ा कम करने और उन्हें संकट की इस घड़ी में सहारा देने के लिए किया गया है।

एलआईसी ने हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों, क्रू मेंबर्स और जमीन पर मौजूद आम नागरिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। कंपनी ने कहा है कि वह दावों के निपटान में तेजी लाएगी और दावा करने की प्रक्रिया को आसान बनाएगी। एलआईसी ने एक महत्वपूर्ण छूट दी है कि मृत्यु प्रमाण पत्र के बजाय सरकारी रिकॉर्ड, सरकार या एयरलाइन द्वारा दिया गया मुआवजा भी मृत्यु प्रमाण के रूप में मान्य होगा। यह कदम दावा प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए उठाया गया है।

एलआईसी ने यह भी कहा कि उनके अधिकारी पीड़ितों के परिजनों तक खुद संपर्क करेंगे और दावों का जल्द निपटारा सुनिश्चित करेंगे। सहायता के लिए परिवार नजदीकी एलआईसी ब्रांच, डिवीजन या कस्टमर जोन से संपर्क कर सकते हैं, या फिर कॉल सेंटर नंबर 022-68276827 पर फोन कर सकते हैं। उधर, बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस ने भी हादसे से प्रभावित अपने पॉलिसीधारकों की मदद के लिए विशेष व्यवस्था की है। कंपनी ने एक डेडिकेटेड क्लेम सेटलमेंट डेस्क तैयार किया है जो मृत्युदावा और विकलांगता से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निपटाएगा।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आज शुक्रवार को दुर्घटना स्थल का दौरा किया और अहमदाबाद सिविल अस्पताल जाकर घायल पीड़ितों से मुलाकात की। यह हादसा पूरे देश के लिए बेहद दुखद रहा और सरकार व बीमा कंपनियों द्वारा त्वरित सहायता के प्रयास जारी हैं। 

Related Articles

Back to top button