कबीरधाम: कांग्रेस से 6 वर्षों के लिए निष्कासित हुए मुकेश सिन्हा

कबीरधाम। नगर पालिका चुनाव 2025 में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण कांग्रेस पार्टी ने मुकेश सिन्हा को 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है।
डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड (वार्ड नंबर 07) में कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी के विरोध में निर्दलीय प्रत्याशी का चुनावी समर्थन करने और अधिकृत प्रत्याशी को हराने का प्रयास करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। इसे कांग्रेस पार्टी ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधि करार दिया है।
जिला कांग्रेस कमेटी, कबीरधाम के अध्यक्ष होरीराम साहू द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस निर्णय की प्रतिलिपि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गिड्डू, जिला प्रभारी पदम कोठारी और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर को भेजी गई है।
यह निष्कासन आदेश पार्टी की अनुशासन नीति को बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है और इससे अन्य कार्यकर्ताओं को भी पार्टी विरोधी गतिविधियों से बचने की चेतावनी दी गई है।