मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

ध्वनि प्रदूषण पर जनहित याचिका: कोर्ट ने रायपुर कलेक्टर से मांगा व्यक्तिगत शपथ पत्र

रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने ध्वनि प्रदूषण के मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए एक जनहित याचिका की सुनवाई की। इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति बी.डी. गुरु की युगल पीठ में हुई, जहां कोर्ट ने डीजे से होने वाले ध्वनि प्रदूषण और लेजर बीम लाइट्स के उपयोग पर गंभीर चिंता व्यक्त की। कोर्ट ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “किसी का दिल जा रहा है, वह मर रहा है, किसी की आंखें खराब हो रही हैं, और लोग अपनी खुशी मना कर चले जाते हैं।”

गणेश विसर्जन के दौरान डीजे और लेजर लाइट्स पर कोर्ट की सख्ती

रायपुर के कान, नाक और गला विशेषज्ञ, डॉ. राकेश गुप्ता ने इस मामले में हस्तक्षेप याचिका दायर की, जिसमें गणेश विसर्जन के दौरान डीजे के ध्वनि प्रदूषण और लेजर लाइट्स के उपयोग की तस्वीरें प्रस्तुत की गईं। कोर्ट को यह जानकारी दी गई कि सरकार ने लेजर बीम लाइट्स के उपयोग पर रोक लगा दी है।

ध्वनि प्रदूषण पर जुर्माने और कार्यवाही को लेकर सवाल

याचिकाकर्ता डॉ. गुप्ता ने कोर्ट को बताया कि कोलाहल अधिनियम के तहत डीजे बजाने वालों से सिर्फ ₹1000 का जुर्माना वसूला जाता है, जबकि नॉइस रूल्स के तहत इससे अधिक जुर्माना और सजा का प्रावधान है। सरकारी पक्ष ने कोर्ट को सूचित किया कि दूसरी बार डीजे बजाने पर उसे जब्त कर लिया जाता है।

कलेक्टर से मांगा गया शपथ पत्र

ध्वनि प्रदूषण के इस गंभीर मामले पर कोर्ट ने रायपुर के कलेक्टर को व्यक्तिगत शपथ पत्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने कहा कि जन जागरूकता की भी आवश्यकता है और हर नागरिक का यह कर्तव्य बनता है कि वह ध्वनि प्रदूषण को रोकने में सहयोग दे। इस मामले की अगली सुनवाई 28 नवंबर को होगी।

डीजे ऑपरेटर ने की हस्तक्षेप याचिका

एक डीजे ऑपरेटर ने भी हस्तक्षेप याचिका दायर की, जिसमें आरोप लगाया गया कि पुलिस मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान कर अवैध रूप से पैसे वसूल रही है। सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है और कानून का पालन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button