अमित जोगी ने जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत का ऐलान किया, 'X' पर लिखी यह बड़ी बात... - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

अमित जोगी ने जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत का ऐलान किया, ‘X’ पर लिखी यह बड़ी बात…

रायपुर. जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अमित जोगी ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत का ऐलान किया। इस पोस्ट में उन्होंने बताया कि वे वकालत की प्रैक्टिस दोबारा शुरू करने जा रहे हैं। जोगी ने लिखा कि अभी उनका सामान बिखरा हुआ है, लेकिन नवरात्रि से पहले वे अपने नए घर को व्यवस्थित करने का प्रयास करेंगे। उनका उद्देश्य है कि अष्टमी तक शुभचिंतकों की उपस्थिति में विधिवत गृह प्रवेश हो सके।

अमित जोगी ने बताया कि उनके नए घर का स्थान छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के नजदीक है, जिससे वे 12 साल के लंबे अंतराल के बाद, अपनी मां की इच्छा के अनुसार फिर से वकालत की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले वे बड़े औद्योगिक घरानों और व्यवसायियों के केस लड़ा करते थे, लेकिन अब वे गरीब, शोषित और वंचित लोगों के अधिकारों के लिए न्याय की लड़ाई लड़ेंगे।

जोगी ने अपनी कानूनी सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि ईश्वर की कृपा से उन्होंने अब तक कोई केस नहीं हारा है, और भविष्य में भी वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने इस रिकॉर्ड को कायम रखने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बिलासपुर के लोगों का आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि उन्हें और उनके परिवार को हमेशा स्थानीय जनता का स्नेह मिलता रहेगा।

इस नई शुरुआत के साथ, अमित जोगी ने अपने समर्थकों से आशीर्वाद और सहयोग की कामना की है, ताकि वे समाज के कमजोर तबके के लिए न्याय की लड़ाई सफलतापूर्वक लड़ सकें।

Related Articles

Back to top button