मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

पीडिया एनकाउंटर के विरोध में सर्व आदिवासी समाज ने आज किया बस्तर बंद का आह्वान

बस्तर। पीडिया में हुए एनकाउंटर के विरोध में सर्व आदिवासी समाज ने आज बस्तर बंद का आह्वान किया है। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी बंद का समर्थन किया है। संभाग के सातों जिलों में आज दुकानें बंद रहेंगी। इमरजेंसी सेवाएं जैसे मेडिकल खुले रहेंगे। बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर और कोंडागांव इन सातों जिले में बंद का असर रहेगा। बंद को सभी जिलों के व्यापारियों का भी समर्थन मिला है।

पुलिस का दावा है कि पीडिया गांव में हुए एनकाउंटर में 12 नक्सलियों को ढेर किया गया है। जबकि सर्व आदिवासी समाज, सीपीआई और कांग्रेस ने इसे फर्जी बताया है। सामाजिक कार्यकर्ता से लेकर विपक्ष के लोगों ने भी इस मुठभेड़ को फर्जी बताया है।

सर्व आदिवासी समाज के सदस्य और CPI नेता पूर्व MLA मनीष कुंजाम ने कहा है कि पुलिस ने निर्दोषों को मारा है। पुलिस की कहानी गजब है। गूंगे-बहरे युवक को नक्सली बताकर पुलिस ने मार डाला है। एनकाउंटर फर्जी है। मनीष कुंजाम ने कहा कि वे पीडिया गांव जाकर आए हैं। एक रात ग्रामीणों के बीच गुजारे हैं। ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़ने गए थे। पुलिस ने गोलीबारी की। कुछ लोग घर के अंदर चले गए, कुछ जंगल में ही छिपने लगे थे और उन्हें मार दिया गया।

लखमा बोले- फर्जी एनकाउंटर किया

पूर्व कैबिनेट मंत्री और कोंटा (सुकमा) विधानसभा से MLA कवासी लखमा ने भी पीडिया में हुई मुठभेड़ को फर्जी बताया है। उन्होंने कहा कि, पुलिस का दावा है कि एनकाउंटर में 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। लेकिन, हमें जानकारी मिली है कि तेंदूपत्ता तोड़ने गए गांव वालों को उठाकर मारा गया है।

कवासी लखमा ने CM विष्णुदेव साय पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि, जब भाजपा की सरकार में विष्णुदेव साय CM बने थे तो हमें विश्वास था कि आदिवासियों के हित के लिए काम करेंगे। लेकिन अब प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री है, फिर भी आदिवासी सुरक्षित नहीं है। फर्जी एनकाउंटर में आदिवासी मारे जा रहे हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता और वकील बेला भाटिया ने कहा कि इतावार गांव से 19 लोग और पीडिया गांव से 57 लोगों को पुलिस पकड़कर ले गई। जिन्हें नक्सली बताकर मारा था वे ग्रामीण थे। उनमें से 2 ऐसे लोग थे जो दूसरे गांव के रहने वाले थे। अपने रिश्तेदार के घर आए थे। तेंदूपत्ता तोड़ने गए तो उन्हें मार दिया गया। बेला ने कहा कि, पुलिस ने 12 लोगों की हत्या करने के बाद उनके रिश्तेदारों से शव उठवाया।

10 मई को हुई थी मुठभेड़

पीडिया इलाका नक्सलियों का गढ़ है। यहां 10 मई को पुलिस की नक्सलियों के पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी के साथ मुठभेड़ हुई थी। पुलिस ने दावा किया है मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मारा गया है। इनके पास से हथियार समेत अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के डर से आदिवासी जान बचाकर भागे, कुछ लोग डर के मारे पेड़ पर चढ़ गए। मगर पुलिस ने पेड़ पर चढ़े उन आदिवासियों को गोली मारी और वो नीचे गिर गए। बीजापुर जिले के पीडिया में हुआ एनकाउंटर फर्जी है। पुलिस ने 10 निर्दोष ग्रामीणों की हत्या की, वहां 2 नक्सली होने की जानकारी मिली है। यह दावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने किया है।

Related Articles

Back to top button