कांग्रेस लोकसभा चुनावों के लिए दूसरी सूची कल जारी करेगी

रायपुर: कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनावों के लिए बची हुई 5 सीटों पर उम्मीदवारों की दूसरी सूची कल जारी करेगी। यह सूची कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद पेश की जाएगी।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने मुंबई दौरे पर रवाना होने से पहले कहा कि, “कल कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक है। जिसमें चर्चा होने के बाद शाम तक लिस्ट आ जाएगी। आने वाले समय में नए चेहरों को भी मौका दिया जाएगा। सिर्फ बस्तर का सवाल नहीं है, 11 लोक सभा सीटों का सवाल हैं, युवा चेहरों के साथ ही नए और मजबूत चेहरों को मौका दिया जाएगा।”
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन समारोह में शामिल होने के लिए मुंबई गए हुए हैं। उन्होंने कहा कि, “भारत जोड़ो न्याय यात्रा समापन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा हूं। छत्रपति शिवाजी पार्क मुंबई में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। हमें पूरा विश्वास है, इस न्याय यात्रा के जरिए युवाओं के लिए और किसानों के लिए जो कुछ भी भारत के जन से निकला है, उसे राहुल गांधी जी ने पूरी तरह समझ लिया है। राहुल गांधी अपना विशेष वक्तव्य देंगे, भारत जो जोड़ने के जरिए भारत को न्याय दिलाने का काम कांग्रेस ने किया है और आगे भी करती रहेगी।”



