सिंगापुर में सीएम साय ने निवेशकों को दिया विकसित छत्तीसगढ़ में भागीदारी का न्योता - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

सिंगापुर में सीएम साय ने निवेशकों को दिया विकसित छत्तीसगढ़ में भागीदारी का न्योता

गार्डन्स बाय द बे के अधिकारियों से नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन पर चर्चा; SBF के लीडरशिप डिनर में उद्योग जगत से मिले

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सिंगापुर प्रवास के पहले दिन छत्तीसगढ़ में हरित विकास और निवेश को बढ़ावा देने पर फोकस रहा। मुख्यमंत्री ने विश्व प्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन विकसित करने, शहरी हरित क्षेत्रों के विस्तार और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने पर चर्चा की। इसके बाद वे सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाएं रखीं।

गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ और डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग समेत अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल को मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। दोनों पक्षों ने उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता से समृद्ध राज्य है। गार्डन्स बाय द बे के अनुभव का उपयोग नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन के साथ प्रदेश के अन्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लैंडस्केपिंग और हरित क्षेत्र विकसित करने में किया जा सकता है। इससे पर्यटन बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

SBF के लीडरशिप डिनर में उद्योग जगत से संवाद

मुख्यमंत्री शाम को SING फोरम 2026 की पूर्व संध्या पर आयोजित SBF के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भारत के सिंगापुर स्थित उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, SBF चेयरमैन मार्क ली और CEO कोक पिंग सून मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ को उभरते निवेश केंद्र के रूप में प्रस्तुत करते हुए औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, MSME, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने सिंगापुर के उद्योगपतियों को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में हिस्सा लेंगे। 6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल में निवेश और आर्थिक साझेदारी पर चर्चा करेंगे।

Related Articles

Back to top button