रमन छोड़ेंगे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद, बनेंगे छत्तीसगढ़ में विधानसभा अध्यक्ष

रायपुर . छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के अब भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की बड़ी खबर है। संभावना है कि वे छत्तीसगढ़ में विधान,सभा के अध्यक्ष का पद संभालने के बाद दूसरे दिन 20 दिसंबर काे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को अपना इस्तीफा सौंप देंगे। डा. रमन को छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है। वे आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्रियों अरुण साव और विजय शर्मा की उपस्थिति में विधानसभा में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरेंगे। इस पद को ग्रहण करने के कारण ही उनको राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद छोड़ना पड़ रहा है।
प्रदेश में 2018 में जब भाजपा के स्थान पर कांग्रेस की सरकार आ गई तो डाॅ. रमन सिंह को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया गया था। वे लगातार पांच सालों तक वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे हैं। भाजपा में जेपी नड्डा के बाद उनकी संगठन में बड़ी अहमियत रही है। उनको केंद्रीय नेतृत्व ने कई बार बड़ी-बड़ी जिम्मेदारियों दी है। उनको एक बार भाजपा के दिल्ली के केंद्रीय कार्यालय में झंडा भी फहराने का मौका दिया गया था। इसी के साथ कुछ अवसरों पर भाजपा की राष्ट्रीय बैठक के बाद डॉ. रमन सिंह को ही बैठक के बारे में मीडिया को जानकारी देने की जिम्मेदारी दी गई। कई राज्यों में उनको संगठन ने कई तरह की जिम्मेदारियों देकर भेजने का काम किया है। अब प्रदेश में भाजपा सरकार की एक बार फिर से वापसी होने पर डॉ. रमन सिंह को केंद्रीय नेतृत्व ने विधानसभा अध्यक्ष बनाने का फैसला किया है तो उनको राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद छाेड़ना पड़ रहा है।



