फडणवीस का ‘मैं लौटूंगा’ वीडियो पार्टी के कार्यकर्ता ने पोस्ट किया था : महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

फडणवीस का ‘मैं लौटूंगा’ वीडियो पार्टी के कार्यकर्ता ने पोस्ट किया था : महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख

पालघर, 28 अक्टूबर (ए) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का एक पुराना वीडियो पोस्ट किए जाने के एक दिन बाद पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने दावा किया कि वीडियो एक ‘‘उत्साही’ पार्टी कार्यकर्ता ने पोस्ट किया था और उसका गलत मतलब नहीं निकाला चाना चाहिए।.

बावनकुले ने यहां शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि आगामी चुनाव मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। वह लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की तैयारी के हिस्से के तहत पालघर जिले के दौरे पर थे।.भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने शुक्रवार को फडणवीस का चार वर्ष पुराना एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्हें यह कहते देखा जा सकता है कि वह राज्य का नेतृत्व करने के लिए फिर से लौटेंगे।

पार्टी की राज्य इकाई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उक्त वीडियो साझा करते हुए लिखा था,‘‘मैं नये महाराष्ट्र के निर्माण के लिए फिर से लौटूंगा।’’ हालांकि, यह पोस्ट दो घंटे बाद ही हटा दिया गया था।

बावनकुले ने कहा, ‘‘किसी उत्साही पार्टी कार्यकर्ता ने महा जनादेश यात्रा का एक पुराना वीडियो साझा किया, जिसमें फडणवीस ने कहा था कि वह (राज्य की सत्ता संभालने के लिए) लौटेंगे, इसलिए इस पर कोई गलतफहमी नहीं होनी चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री हैं और रहेंगे तथा आगामी लोकसभा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जाएगा। केंद्रीय नेतृत्व और देवेंद्र फडणवीस ने यही बात कही है।’’

वर्ष 2019 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा था ‘मी पुन्हा येइन’ (मैं वापस आऊंगा)। इस टिप्पणी पर कई सोशल मीडिया मीम भी बने थे।

अयोध्या में राम मंदिर के बारे में उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र से 10,000 लोगों को भगवान राम के दर्शन के लिए वहां ले जाने की भाजपा की योजना है।

Related Articles

Back to top button