पॉवर कंपनी की गारे पेलमा कोयला खदान को चार प्रथम पुरस्कार - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
City

पॉवर कंपनी की गारे पेलमा कोयला खदान को चार प्रथम पुरस्कार

रायपुर। केंद्रीय खान सुरक्षा महानिदेशालय ने छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी की गारे पेलमा कोयला खदान को ओवरआल सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया है। यह पुरस्कार वर्ष 2022 में 3 मिलियन से 5 मिलियन टन की क्षमता की खुली खदान श्रेणी में दिया गया है। इसके अलावा इस खदान को तीन और श्रेणियों (इंजीनियरिंग, एक्सप्लोसिव मैनेजमेंट एवं डस्ट सेपरेशन) में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया है।

भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन खान सुरक्षा महानिदेशालय द्वारा आयोजित वार्षिक सुरक्षा पुरस्कार वितरण समारोह में यह पुरस्कार जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एसके कटियार ने ग्रहण किया। इस उपलब्धि के लिए पॉवर कंपनी के चेयरमैन अंकित आनंद ने जनरेशन कंपनी की टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह पुरस्कार खान सुरक्षा निदेशालय एवं साऊथ इस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, एनटीपीसी व निजी क्षेत्र के कोयला संस्थानों द्वारा बिलासपुर में आयोजित वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा में प्रदान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि खान सुरक्षा महानिदेशालय के महानिदेशक प्रभात कुमार एवं एसईसीएल के सीएमडी प्रेमसागर मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वर्ष 2022 में जनरेशन कंपनी को चार श्रेणियों में पुरस्कार मिले, जिसमें ओवरऑल सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन ग्रुप ई में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही इंजीनियरिंग (ई एंड एम), विस्फोटक प्रबंधन तथा धूल पृथककरण श्रेणी में भी प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ कुशल कर्मचारी तथा बेस्ट माइन आपरेटर के लिए अदानी इंटरप्राइजेस को भी पुरस्कृत किया गया है।

Related Articles

Back to top button