CJP फाउंडर अभिजीत दिपके का ऐलान - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

CJP फाउंडर अभिजीत दिपके का ऐलान

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके ने ‘जंतर-मंतर सीजन-2’ शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम पर कई लोग पूछ रहे थे कि जंतर-मंतर का दूसरा सीजन कब शुरू होगा। दिपके ने बताया कि यह अभियान जल्द शुरू किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस बार किस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया जाएगा।

उनके इस ऐलान को सोमवार को दिए गए बयान से जोड़कर देखा जा रहा है। दिपके ने गांवों के सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए देशव्यापी अभियान शुरू करने की बात कही थी।

दिल्ली में बैठक के लिए हॉल नहीं मिलने का लगाया आरोप

मीडिया से बातचीत में दिपके ने दावा किया कि दिल्ली में CJP के वॉलंटियर्स की बैठक के लिए हॉल ढूंढने में परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने हॉल देने से इनकार किया और इसके पीछे ‘ऊपर से दबाव’ होने की बात कही।

दिपके के मुताबिक, काफी कोशिशों के बाद एक हॉल मिला था और इसकी रसीद भी उनके पास है। उनका आरोप है कि बैठक से पहले हॉल मालिकों को धमकियां दी गईं। उनसे कहा गया कि अगर वहां बैठक होने दी गई तो उन्हें ‘उल्टा लटका दिया जाएगा।’

दिपके का भाजपा पर आरोप, कहा- डरने वाले नहीं

दिपके ने आरोप लगाया कि हॉल को लेकर दबाव बनाने के पीछे भारतीय जनता पार्टी (BJP) का हाथ है। उन्होंने कहा कि भाजपा की हरकतों से लगता है कि वह देश के युवाओं से डर रही है। दिपके ने कहा कि अगर पार्टी को लगता है कि ऐसी कोशिशों से CJP डर जाएगी, तो यह उसकी गलतफहमी है।

CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी दिल्ली पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि इस मामले में पुलिस क्या कार्रवाई कर रही है और क्या दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक है।

15 अगस्त से शुरू होगा सरकारी स्कूलों को लेकर अभियान

अभिजीत दिपके ने सोमवार को गांवों के सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए देशव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की थी। उन्होंने अभिभावकों से स्कूलों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का सोशल ऑडिट करने की अपील की थी।

उन्होंने सरपंचों से भी सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने की जिम्मेदारी उठाने का आह्वान किया था। CJP के मुताबिक, यह अभियान 15 अगस्त से शुरू होगा। इसकी शुरुआत दिपके अपने गांव, महाराष्ट्र के हिंगोली से करेंगे।

Related Articles

Back to top button