पॉवर कंपनी में नई कैशलेस स्वास्थ्य योजना की प्रक्रिया शुरू - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
City

पॉवर कंपनी में नई कैशलेस स्वास्थ्य योजना की प्रक्रिया शुरू

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी में नई अंशदायी कैशलेस स्वास्थ्य योजना का प्रारंभ किया गया है। इसके प्रावधानों से विभिन्न कर्मचारी संगठनों को अवगत कराया गया। इस नई योजना के लिए कर्मियों से विकल्प मांगे गए हैं, जिसके लिए पॉवर पाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बारीकियों को बताया गया। कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने कैशलेस स्वास्थ्य योजना से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं को लेकर सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने निराकरण किया और कहा कि योजना में आने वाले समय में और भी नए प्रावधान शामिल किए जा सकेंगे। इस मौके पर मुख्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

अतिरिक्त मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) विनोद अग्रवाल ने बताया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 15 अप्रैल को पॉवर कान्क्लेव में अंशदायी कैशलेस स्वास्थ्य योजना जल्द लागू करने की बात कही थी, जिसका त्वरित गति से पालन करते हुए इसे जल्द तैयार किया गया है। यह कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने बताया, इस योजना में तीन विकल्प दिये गए हैं, जिसमें एक हजार रुपए मासिक अंशदान पर 10 लाख का स्वास्थ्य रिस्क कवर प्रति परिवार प्रति वर्ष कैशलेस प्राप्त होगा। पांच सौ रुपए अंशदान देने पर 5 लाख रुपए प्रति परिवार प्रति वर्ष का स्वास्थ्य खबर रिस्क कवर मिलेगा। जिन कर्मचारियों को वर्तमान में जारी मेडिकल सुविधा की योजना बेहतर लग रही है, वे उस विकल्प को चुन सकते हैं। श्री अग्रवाल ने बताया कि अभी इसके लिए क्रियान्वयन सहायता एजेंसी तय की जा रही है। 1 अक्टूबर 23 से इसे लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। लागू होने के बाद समय-समय पर इसकी समीक्षा भी की जाएगी, ताकि इसे और अधिक कर्मचारी हितैषी बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button