तीन राज्यों की युवतियों को बताए आत्मरक्षा के गुर

रायपुर. राष्ट्रीय स्वयं संघ की राष्ट्र सेविका समिति ने राजधानी रायपुर में प्रदेश के साथ ही मध्य भारत और महाराष्ट्र की युवतियों को 15 दिनों तक आत्मरक्षा के साथ ही शारीरिक व बौद्धिक प्रशिक्षण दिया है। जहां प्रबोध वर्ग में तीन राज्यों की 40 युवतियां शामिल हुईं, वहीं प्रवेश वर्ग में छत्तीसगढ़ की 98 युवतियों को प्रशिक्षण दिया गया।
आरएसएस के अलग-अलग अनुषांगिक संगठन कई तरह के आयोजन साल भर करते हैं। इसी कड़ी में राष्ट्र सेविका समिति का राजधानी रायपुर में युवतियों को प्रशिक्षण देने का आयोजन किया गया। रायपुर के वीआईपी रोड में बीएसएस प्रणवानंद अकादमी स्कूल में इसका आयोजन किया गया। यहां पर रोज अलग-अलग हिस्सों में प्रशिक्षण दिया गया। इस आयोजन का मकसद मातृशक्ति संगठित, सबल, राष्ट्र कार्य में प्रवृत्त हो, यही था।
140 काे दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण को दो वर्गों में बांटा गया था। पहला वर्ग प्रबोध वर्ग था, इसमें जहां छत्तीसगढ़ की युवतियां शामिल थीं, वहीं मध्यम भारत के साथ महाराष्ट्र की भी युवतियां आई थीं। 40 युवतियों को प्रशिक्षण देने का काम मुख्य प्रशिक्षिका रायपुर की श्रद्धा गनोदवाले ने किया। इसी के साथ प्रवेश वर्ग में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से आईं 98 युवतियों को प्रशिक्षण दुर्ग की शारदा चंद्रा ने दिया।



