मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भूपेश बोले- जो राहुल लोगों से कहते हैं डरो मत, उनको ही भाजपा डराना चाहती है, यह संभव ही नहीं है

रायपुर. राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने के मामले में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साफ कहा, हमारे नेता राहुल गांधी लोगों से कहते हैं डरो मत, उनको ही भाजपा डराना चाहती है, यह तो संभव ही नहीं है। इस मामले में डॉ. रमन सिंह ने भी पलटवार किया है। इसी के साथ कांग्रेस और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी आमने-सामने हाे गए हैं। 
प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, भाजपा राहुल गांधी को डराना चाहती है। राहुल गांधी पूरे देश के लोगों को कहते हैं कि डरो मत, अब उनको ही डराने की कोशिश की जा रही है। यही भूल जनता पार्टी के लोगों ने इंदिरा गांधी के साथ की थी। इंदिरा गांधी की भी सदस्यता रद्द की गई थी। इतिहास दोहराया जा रहा है। इससे हम डरने वाले नहीं हैं। हम जनता की अदालत में जाएंगे। जनता के लिए लड़ेंगे। राहुल गांधी हमारे जन नेता हैं। इसी के साथ श्री बघेल ने अपने ट्वीट में लिखा है तानाशाह का सबसे बड़ा डर होता है कि उससे लोग डरना बंद न कर दें। आप उसे डराना चाहते हैं जो पूरे देश को कह रहा है डरो मत। उन्होंने कहा, यहीं मिलेंगे, जनता की अदालत में, जनता होगी, जननेता होगा, नहीं होगा तो सिर्फ डर और तानाशाह।
 रमन बाेले-नियम से हुई कार्रवाई
इस मामले में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, राहुल गांधी के अहंकार ने प्रधानमंत्री की गरिमा को बार-बार तार-तार किया है। आज लोकसभा में राहुल गांधी कि सदस्यता को समाप्त करने के बाद, पिछड़े वर्ग का अपमान करने के बाद, कांग्रेस उनके बचाव में उतरी है। भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ करना, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव के पोस्टर पर कालिख पोतना यह बताता है की राहुल गांधी कि फौज कानून को मानने वाली नहीं है। डा. रमन ने कहा, कांग्रेस का प्रदर्शन किसके खिलाफ विरोध करना चाहता है। कानून के खिलाफ, न्यायालय के खिलाफ। राहुल गांधी के पास विकल्प था, न्यायालय में खड़े होने पर पूछा जाता है यदि माफीनामा मांग लेते हैं तो इसे समाप्त कर दिया जाता है।
संवैधानिक प्रक्रिया के तहत सदस्यता रद्द: साव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, कोर्ट ने विधिवत कार्यवाही के बाद फैसला सुनाया है और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत उनकी सदस्यता रद्द की गई है। कोई फैसला उनके अनुकूल आता है तो प्रसन्न हो जाते हैं, प्रतिकूल आता है तो लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तोड़ कर टिप्पणी करते हैं। एक समाज विशेष को अपमानित करने के लिए माफी मांगने की जगह कांग्रेस गैर लोकतांत्रिक बातें कर रही हैं। प्रजातंत्र के लिए यह ठीक नहीं।
हम राहुल के साथ खड़े हैं: मरकाम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, हम सत्य के साथ खड़े हैं, हम राहुल गांधी के साथ खड़े है। राहुल गांधी ने कहा था, मैं सत्य के साथ खड़ा हूं, सत्य मेरा भगवान है। श्री मरकाम ने कहा, अंहिसा और सत्य इस देश के मौलिक अधिकार हैं। केन्द्र में बैठी मोदी सरकार ने इसके हनन का प्रयास किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button