भाजपा बना रही प्रदेश में एक-एक बूथ की कुंडली - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा बना रही प्रदेश में एक-एक बूथ की कुंडली

रायपुर. गुजरात का बूथों को मजबूत करने वाला फार्मूला छत्तीसगढ़ में भी अपनाया जा रहा है। प्रदेश भाजपा संगठन यहां भी गुजरात की तर्ज पर 24 हजार से ज्यादा बूथों की कुंडली बनाने में लगा हुआ है। इसके लिए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल को जिम्मा सौंपा गया है। वे लगातार विधानसभाओं का दौरा कर रहे हैं। अब तक करीब 90 में से करीब 60 विधानसभाओं का दौरा पूरा चुका है। जल्द ही बाकी विधानसभाओं का दौरा भी पूरा हो जाएगा। इस दौरे में बूथों को मजबूत करने के लिए बूथों की जानकारी ली जा रही है। इसी के साथ सभी बूथों में पन्ना और पेज प्रभारी बनाने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं। ज्यादातर बूथों में इसका काम भी पूरा हो गया है।
भाजपा संगठन मिशन 2023 की तैयारी में जुटा हुआ है। इसको लेकर एक तरफ संगठन जहां प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रामक रूख दिखाते हुए लगातार आंदोलन कर रहा है, वहीं बूथों को मजबूत करने पर भी पूरा फोकस किया जा रहा है। नए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने यह फरमान जारी किया है कि बूथों को मजबूत करने के लिए उसकी पूरी जानकारी मंगाकर देखें कौन से बूथ में क्या स्थिति है। जो बूथ कमजोर होंगे, उस पर ज्यादा फोकस किया जाएगा। भाजपा ने यही नीति अपनाते हुए गुजरात में 182 में से 156 सीटों पर जीत प्राप्त की थी। अब उसी तरह की रणनीति यहां भी अपनाई जा रही है।
बूथों में चल रहा अभियान
अब हर तरह के कार्यक्रम बूथों में किए जा रहे हैं। इसी के साथ हर बूथ में सतत संपर्क भी करने का काम भी प्रारंभ किया गया है। मंदिर, मस्जिद के प्रमुखों के साथ हर धर्म और समाज के लोगों से लगातार मिलने का काम कार्यकर्ता ओर पदाधिकारी कर रहे हैं। हर बूथ में यह भी देखा जा रहा है कि बूथ में भाजपा को मतदान करने वाले कितने लोग हैं और दूसरी पार्टी के मतदाता कितने हैं। जहां पर भाजपा के मतदाता कम हैं उन बूथों में भाजपा के लिए मतदान कराने के लिए लोगों से संपर्क करके उनको केंद्र सरकार की उपलब्धियों के साथ प्रदेश में भाजपा शासनकाल में हुए कामों के बारे में भी जानकारी देने का काम प्रारंभ किया गया है। इसी के साथ प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी से भी अवगत कराया जा रहा है। विधानसभा के प्रभारियों को हर माह सात से दस दिनों तक बूथों में रहने कहा गया है। सभी बड़े नेताओं को भी लगातार बूथों में जाने के लिए कहा गया है। इनका दौरा भी चल रहा है। अजय जामवाल अपने विधानसभा के दौरे में बूथों के लिए 24 बिंदुओं के बनाए गए फार्मेट की जानकारी सभी को दे रहे है। इसी पर सबको काम करना है।

Related Articles

Back to top button