योगी आदित्यनाथ और कई राष्ट्रीय संत रहेंगे रायपुर की धर्म सभा में - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

योगी आदित्यनाथ और कई राष्ट्रीय संत रहेंगे रायपुर की धर्म सभा में

रायपुर. राजधानी रायपुर में 19 मार्च काे हाेने वाले विश्व हिंदू परिषद की बड़ी धर्मसभा काे लेकर अभी से तैयारी हाे रही है। इसके पहले प्रदेश में चारों दिशाओं से, आदिशक्ति मां के चार दरबारों से संतों की पदयात्रा प्रारंभ हाे गई है। अब यह यात्रा आज से आगे बढ़ेगी और गांव-गांव तक जाएगी। एक माह का सफर तय करने के बाद यात्रा रायपुर पहुंचेगी और यहां पर 19 मार्च को बड़ी धर्मसभा होगी। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा देश के कोने-कोने से धर्मगुरु शामिल होंगे। अब तक आधा दर्जन से ज्यादा संतों के आने की सहमति मिल चुकी है और संतों से संपर्क करके उनको आमंत्रित किया जा रहा है। पदयात्रा का मकसद हिंदुओं को जागृत करने के साथ हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प लेना है। छत्तीसगढ़ के संत चाहते हैं, हिंदू राष्ट्र की नींव रखने का काम अपने राज्य से हो।
देशभर के संत इस समय एक ही बात पर मंथन और चिंतन कर रहे हैं और वह है हिंदू राष्ट्र। हर संत चाहता है कि अब भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने में देर नहीं करनी चाहिए। यही वजह है कि अपने राज्य के संतों ने एक मत से हिंदू राष्ट्र की अलख जगाने के लिए राज्य की चारों दिशाओं से संतों की पदयात्रा का आयोजन किया है। इसका प्रारंभ महाशिवरात्रि से हो गया है। यात्रा का नेतृत्व मां बम्लेश्वरी से महंत सर्वेश्वर दास, मां दंतेश्वरी से त्रिवेणी दास, मां महामाया से परमात्मानंद और मां चंद्रहासिनी से राकेश महाराज कर रहे हैं।

रायपुर की झुग्गी बस्तियों में भी जाएंगे संत

मां महामाया से प्रारंभ हुई यात्रा सबसे पहले रामानुजगंज पहुंचेगी और यहां से आगे बढ़ेगी। बलरामपुर, तातापानी से होते हुए यात्रा सिमगा से होकर रायपुर पहुंचेगी। इसी तरह से मां चंद्रहासिनी के दरबार से प्रारंभ हुई यात्रा सांगरा आश्रम जशपुर से शिवरीनारायण, बलौदाबाजार, पलारी, खरोरा होते हुए रायपुर पहुंचेगी। बस्तर के दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी के दरबार से निकली यात्रा जगदलपुर, कांकेर, धमतरी, कुरुद, राजिम, अभनपुर होते हुए रायपुर आएगी। मां बम्लेश्वरी के दरबार डोंगरगढ़ से निकली यात्रा खैरागढ़, मुंगेली, धमधा, बालोद, दुर्ग, भिलाई होते हुए रायपुर पहुंचेगी। सभी दिशाओं की यात्राएं 17 मार्च को रायपुर पहुंचेगी। 18 मार्च को सभी संत राजधानी की झुग्गी बस्तियों में जाएंगे और वहां पर लोगों से मिलने के साथ उनके घरों में भोजन भी करेंगे। 19 मार्च को रायपुर में बड़ी धर्मसभा होगी।

ये संत रहेंगे धर्मसभा में

पदयात्रा के संयोजक और विश्व हिंदू परिषद के कार्याध्यक्ष चंद्रशेखर वर्मा ने बताया, रायपुर में धर्मसभा के लिए साइंस कॉलेज या फिर रावणभाठा मैदान टिकरापारा के लिए अनुमति मांगी गई है। धर्मसभा में एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इस धर्मसभा में मुख्य रूप से उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया गया है। उनके आने की पूरी संभावना है। इसी के साथ मुंबई से चिन्मयानंद, अमरकंटक से हरिहरानंद, हरिद्वार से ज्ञानेंद्र नंद, जबलपुर के अखिलेश्वर नंद के साथ ही अयोध्या में राम मंदिर निर्माण न्यास के सचिव चंपत राय भी आएंगे।

Related Articles

Back to top button