भाजपा के हर मोर्चा को फरमान, पुराने पदाधिकारियों को भी साथ लेकर चलें

रायपुर. भाजयुमो में जिस तरह का विवाद सामने आया है, उसके बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं ने भाजपा के सभी मोर्चा के पदाधिकारियों की क्लास लेकर जहां सभी मोर्चा से अपने-अपने मोर्चे के हिसाब से मुद्दे तलाश कर आंदोलन करने का फरमान जारी किया। वहीं इसी के साथ सभी मोर्चा से पुराने पदाधिकारियों को भी साथ लेकर चलने की नसीहत दी गई है। भाजयुमो और महिला मोर्चा का बड़ा आंदोलन पहले ही रायपुर और बिलासपुर में हो चुका है। अब बाकी मोर्चा से भी इसी तरह के आंदोलन करने के लिए कहा गया है।
भाजपा संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा पार्टी के केंद्रीय, प्रादेशिक कार्य योजना के अतिरिक्त आप सभी मोर्चा अपने मोर्चा की कार्य योजना बनाएं। सबसे अहम हर मोर्चा को लगातार मुद्दे तलाश कर आंदोलन करना है। नवीन प्रयोग राजनीति में नए द्वार खोलते हैं। आप पुराने कार्यकर्ताओं से मिलिए, नए कार्यकर्ताओं को दायित्व दीजिए की जनता से जुड़े कौन-कौन से विषय हैं इसको लेकर संघर्ष की रूपरेखा बनाए।
भाजपा प्रदेश सहप्रभारी नितिन नवीन ने कहा, आप सब की संयुक्त ताकत से जनता को हम उसका हक दिलाने के लिए संघर्ष करेंगे। मंच संचालन प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ने किया। भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने बताया इस दौरान बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय, युवा मोर्चा प्रदेश प्रभारी आलोक डंगस, किसान मोर्चा प्रदेश प्रभारी बजरंगी यादव, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री बाबूलाल जेबालिया, किसान मोर्चा प्रदेश प्रभारी वेलजीभाई मसानी, महिला मोर्चा की प्रदेश प्रभारी निशा सिंह सहित सभी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।



