भाजयुमो अध्यक्ष पर भड़के कार्यकर्ता, भालू,गीदड़ तक कहा, गालियां भी दीं

रवि भगत बाेले- पुराने लोगों को नाराजगी स्वाभाविक, सबकी रायशुमारी से बनाए पदाधिकारी
रायपुर. भारतीय जनता युवा मोर्चा की नई कार्यकारिणी को लेकर अध्यक्ष रवि भगत पर भाजयुमो के ही कार्यकर्ता पील पड़े हैं। अपने माेर्चा के ही वाट्सएप ग्रुप में प्रदेश अध्यक्ष काे भालू, गीदड़ कहने के साथ गालियां भी दे रहे हैं। इसके अलावा युवा कांग्रेस के एक नेता प्रियांश भगत को लेकर सवाल खड़ा किया गया है। अध्यक्ष रवि भगत का कहना है, नए लोगों के आने पर पुराने लोगों में नाराजगी रहती है। कार्यकारिणी का गठन सभी बड़े नेताओं से रायशुमारी करने के बाद किया गया है।प्रदेश भाजपा संगठन में हुए बदलाव में भाजयुमो का अध्यक्ष भी बदला गया और अमित साहू के स्थान पर आदिवासी युवा रवि भगत को अध्यक्ष बनाया गया। नए अध्यक्ष ने अपनी कार्यकारिणी का ऐलान किया तो पुरानी कार्यकारिणी के न सिर्फ ओवरएज पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया, बल्कि पूरी की पूरी कार्यकारिणी ही बदल दी। कार्यकारिणी के ऐलान के बाद से ही इसको लेकर विवाद चल रहा है।
भाजयुमो के ग्रुप में चल रही जंग
नई कार्यकारिणी को लेकर भाजयुमो के वाट्सएप ग्रुप में जंग चल रही है। इस ग्रुप के ही कुछ सदस्यों ने ग्रुप में चल रहे संवाद के स्क्रीनशॉट वायरल कर दिए हैं। इसमें कार्यकारिणी को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं। यही नहीं अध्यक्ष रवि भगत को लेकर अपशब्दों का भी प्रयोग किया गया है। अध्यक्ष को भालू, गीदड़ के साथ गालियां तक दी गई हैं। इसके अलावा युवा कांग्रेस के प्रियांश भगत को कार्यसमिति में रखे जाने काे लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। नई कार्यकारिणी में भी ओवरएज को पदाधिकारी बनाने की बात की जा रही है।
जिले से आया नाम
प्रियांश भगत को लेकर भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष रवि भगत का कहना है, प्रियांश तीन साल से मंडल में महामंत्री हैं, उनका नाम जिले से आने के कारण उसको रखा गया है। उन्होंने कहा मेरी जानकारी में यह नहीं है कि प्रियांश युवा कांग्रेस में है, वह भाजपा का सदस्य है।