गुजरात की तरह ही छत्तीसगढ़ के भी बूथों काे मजबूत करने की भाजपा की बड़ी रणनीति

रायपुर(realtimes) गुजरात के विधानसभा चुनाव में भाजपा काे मिली बड़ी जीत के बाद अब वहां की कई तरह की रणनीति काे दूसरे राज्यों में भी अपनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन यहां भी गुजरात की तर्ज पर 24 हजार से ज्यादा बूथों की कुंडली बनाने में लगा हुआ है। इसके लिए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल को जिम्मा सौंपा गया है। वे लगातार विधानसभाओं का दौरा कर रहे हैं। अब तक करीब दाे दर्जन विधानसभाओं का दौरा पूरा हो चुका है। वे सभी विधानसभाओं का दौरा करेंगे। इस दौरे में बूथों को मजबूत करने के लिए बूथों की जानकारी ली जा रही है। इसी के साथ सभी बूथों में पन्ना और पेज प्रभारी बनाने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
भाजपा संगठन मिशन 2023 की तैयारी में जुटा हुआ है। इसको लेकर एक तरफ संगठन जहां प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रामक रूख दिखाते हुए लगातार आंदोलन कर रहा है, वहीं बूथों को मजबूत करने पर भी पूरा फोकस किया जा रहा है। नए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर अपने पहले ही दौरे में यह फरमान जारी करके गए हैं कि बूथों को मजबूत करने के लिए उसकी पूरी जानकारी मंगाकर देखें कौन से बूथ में क्या स्थति है। जो बूथ कमजोर होंगे, उस पर ज्यादा फोकस किया जाएगा। भाजपा ने यही नीति अपनाते हुए गुजरात में 182 में से 156 सीटों पर जीत प्राप्त की है। अब उसी तरह की रणनीति यहां भी अपनाई जा रही है।
बूथों के लिए यह है याेजना
अब हर तरह के कार्यक्रम बूथों में होंगे। इसी के साथ हर बूथ में सतत संपर्क भी करने के लिए कहा गया है। मंदिर, मस्जिद के प्रमुखों के साथ हर धर्म और समाज के लोगों से लगातार मिलने का फरमान पदाधिकारियों और कार्यकर्ता को सुनाया गया है। हर बूथ में यह भी देखना है कि बूथ में भाजपा को मतदान करने वाले कितने लोग हैं और दूसरी पार्टी के मतदाता कितने हैं। जहां पर भाजपा के मतदाता कम होंगे, उन बूथों में भाजपा के लिए मतदान कराने के लिए लोगों से संपर्क करके उनको केंद्र सरकार की उपलब्धियों के साथ प्रदेश में भाजपा शासनकाल में हुए कामों के बारे में भी जानकारी देनी है। इसी के साथ प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी से भी अवगत कराना है। विधानसभा के प्रभारियों को हर माह सात से दस दिनों तक बूथों में रहने कहा गया है। सभी बड़े नेताओं को भी लगातार बूथों में जाने के लिए कहा गया है। अजय जामवाल अपने विधानसभा के दौरे में बूथों के लिए 24 बिंदुओं के बनाए गए फार्मेट की जानकारी सभी को दे रहे है। इसी पर सबको काम करना है।



