रमन बाेले- छत्तीसगढ़ में ईडी, आईटी स्थाई, भ्रष्टाचार में लिप्त सब पर हाेगी कार्रवाई - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

रमन बाेले- छत्तीसगढ़ में ईडी, आईटी स्थाई, भ्रष्टाचार में लिप्त सब पर हाेगी कार्रवाई

रायपुर(realtimes) प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, जहां जहां करप्शन है वहीं ईडी जाएगी। जहां गुड़ है, मक्खी वहीं जाएगी। छत्तीसगढ़ में ईडी और आईटी की टीमें आई नहीं हैं, बल्कि स्थाई रूप से यहां बैठी हुई हैं। इनकी कार्रवाई अभी शुरू हुई है। जो लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, जो लोग कंबल ओढ़कर बैठे हुए हैं, जिन लोगों के हाथ और चेहरे कोयले से रंगे हैं, वो लोग बचेंगे नहीं। उन सब पर कार्रवाई होगी। 

अपने निवास में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन ने कहा, कांग्रेस ने भानुप्रतापपुर का उपचुनाव तो सत्ता, धन-बल का उपयोग करके जीत लिया। भाजपा के प्रत्याशी के खिलाफ षड्यंत्र भी किया गया, लेकिन कांग्रेस का जमीनी सच्चाई से सामना तो अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में होगा। चाहे अगले साल का विधानसभा चुनाव हो या फिर 2024 का लोकसभा चुनाव, दोनों चुनाव संगठन के दम पर लड़े जाएंगे। गुजरात चुनाव की ऐतिहासिक जीत ने तय कर दिया है कि एक बार फिर से देश में लोकसभा के चुनाव में भाजपा की सरकार बनेगी और तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र भाई मोदी शपथ लेंगे।

गुजरात की जीत विकास की

 डा. रमन ने कहा, गुजरात, हिमाचल और भानुप्रतापपुर के नतीजे आ गए हैं। गुजरात में भाजपा के पक्ष में ऐतिहासिक परिणाम रहा। लगातार विकास के नाम पर गुजरात चुनाव में जीत मिल रही है। लगातार 27 सालों से जीत रहे हैं। गुजरात की जनता को बधाई है। कांग्रेस की यह सबसे खराब हार है। उन्होंने कहा, हिमाचल चुनाव में कांग्रेस की जीत हुई, लेकिन वोट प्रतिशत से भी कांग्रेस को देखना चाहिए, महज एक प्रतिशत वोट भाजपा का कम था। इस एक प्रतिशत से ही दस सीटों का हेरफेर हो गया। कांग्रेस एंटी इनकंबेंसी के कारण जीतकर सरकार बना रही है।

षडयंत्र करके जीता भानुप्रतापपुर

डॉ. रमन ने भानुप्रतापपुर सीट जीतने वाली कांग्रेस की प्रत्याशी सावित्री मंडावी को बधाई दी। इसके बाद कहा, कांग्रेस ने षड्यंत्र करके यह चुनाव जीता है। भानुप्रतापपुर में नोटा का प्रतिशत बढ़ा है। इसका मतलब वहां की जनता को दोनों प्रत्याशी पसंद नहीं हैं। उन्होंने कहा, आदिवासी वोट इसलिए बढ़े, क्योकि वहां जोगी और आप पार्टी मैदान में नहीं थी। उन्होंने कहा, उपचुनाव से कुछ तय नहीं किया जा सकता है। आने वाले साल में जब विधानसभा के सभी सीटों पर चुनाव होंगे, तब कांग्रेस को जमीनी सच्चाई मालूम होगी।

Related Articles

Back to top button