UAE के विदेश व्यापार राज्यमंत्री से मिले MP Vikramjit Singh, CEPA और FTA को लेकर हुई चर्चा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

UAE के विदेश व्यापार राज्यमंत्री से मिले MP Vikramjit Singh, CEPA और FTA को लेकर हुई चर्चा

नई दिल्ली/चंडीगढ़: भारत और संयुक्त अरब अमीरात के मध्य दो प्रमुख समझौतों के बाद व्यापार नए आयाम को छुएगा। यह खुलासा यूएई के विदेश व्यापार राज्यमंत्री डॉ थनी बिन अहमद अल जेयूडी से मुलाकात के बाद भारत से सांसद, इंडिया-अरब काउंसिल के चेयरमैन और इंडिया-यूएई ज्वाइंट टास्कफोर्स के सदस्य विक्रमजीत सिंह ने किया। दोनों के मध्य भारत और यूएई के बीच में कंप्रिहेंसिव इकोनामिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट (सीईपीए) और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) को लेकर अहम चर्चा हुई।

विक्रमजीत सिंह ने कृषि क्षेत्र द्वारा भारत से निर्यात को कीटनाशकों के चलते रद्द किए जाने का गंभीर मुद्दा उठाने सहित भारत से फार्मा प्रोडक्ट की फास्ट ट्रैक अप्रूवल हेतु दोनों तरफ से स्वीकार्य मान्यता प्राप्त लैब्स स्थापित किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने मंत्री से वर्तमान में स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्रों में शत प्रतिशत मलकियत के लिए न्यूनतम निवेश की सीमा आंकी जा रहे एईडी 100 मिलियन से कम करने की अपील की। विक्रमजीत सिंह ने मंत्री से भारत और यूएई में संयुक्त उपक्रमों के संचालन को आसान बनाने हेतु, यूएई-भारत सांझा निवेश समझौते पर जल्द काम करने की अपील की।

विक्रमजीत सिंह ने पंजाब और यूएई के मध्य अहम मुद्दों पर आपसी व्यापार की जरूरत पर जोर दिया। मुख्यमंत्री पंजाब की ओर से, विक्रमजीत सिंह ने इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर, बासमती के निर्यात व एग्रो प्रोसेसिंग सेक्टरों में यूएई के पंजाब में और निवेश पर भी चर्चा की। यूएई के विदेश व्यापार राज्यमंत्री डॉ थनी बिन अहमद अल जेयूडी ने भारत के साथ उनके गहरे व्यापारिक रिश्तो और निवेश पर संतुष्टि प्रकट की व यूएई के भारत में इन्नोवेशन, स्टार्टअप इकोसिस्टम, हेल्थ केयर, फिनटेच, डिफेंस, रिन्यूएबल एनर्जी, आईटी और आईटीईएस क्षेत्र में निवेश का भरोसा दिया। मंत्री ने एग्री प्रोसेसिंग सेक्टर और इंफ्रास्ट्रक्चर में अवसरों का प्रदर्शन करने हेतु पंजाब से एक शिष्टमंडल के आने और यूएई के निवेशकों के साथ बैठकें आयोजित करने के लिए भी स्वागत किया।

Related Articles

Back to top button