
रायपुर(realtimes) करीब तीन दशक बाद दाे दिनाें की धनतेरस से काराेबारी मालामाल हो गए। हर सेक्टर में दाे दिनाें तक जमकर खरीदारी हुई है। एक अनुमान के मुताबिक करीब चार हजार कराेड़ का काराेबार पूरे राज्य में हुआ है। पूरे देश में 50 हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार हाेने का दावा व्यापारिक संगठन कर रहे हैं। हालांकि यह आंकड़ा और ज्यादा हाे सकता है, क्योंकि काराेबारी सही आंकड़ा बताने से परहेज करते हैं।
बरसों बाद दो दिनों तक धनतेरस होने के कारण लोगों ने दो दिनों तक अपनी सहूलियत के हिसाब से खरीदारी की है। जो संभावना थी, उसके विपरीत पहले दिन सराफा, इलेक्ट्रोनिक्स, बर्तन और रीयल एस्टेट में ज्यादा खरीदारी हुई है। एक आटोमोबाइल्स सेक्टर में ही दूसरे दिन ज्यादा कारोबार हुआ है। लेकिन दो दिनों की धनतेरस ने कारोबारियों को जरूरत राहत दी है, क्योंकि उनका कारोबार दो दिनों में बंटने के कारण ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
दूसरे दिन वाहन ज्यादा बिके
धनतेरस में आटोमोबाइल्स सेक्टर में ही दूसरे दिन ज्यादा कारोबार हुआ है। छत्तीसगढ़ आटोमोबाइल्स के अध्यक्ष विवेक गर्ग के मुताबिक शनिवार के दिन 35 फीसदी तक ही कारोबार हुआ। शनिवार की तुलना में रविवार को कारोबार करीब डबल हुआ और ज्यादा वाहन बिके। ज्यादातर लोगों ने रविवार के लिए अपने वाहन बुक कराए थे, क्योंकि एक बड़ा वर्ग शनिवार को लोहे की खरीदी से परहेज करता है। जीके होंडा के पुनीत पारवानी के मुताबिक दो दिनों में 30 हजार से ज्यादा वाहन पूरे प्रदेश में बिके हैं। इसमें 26 हजार के आसपास दुपहिया और बाकी चारपहिया और कमर्शियल वाहन हैं। कुल मिलाकर हजार करोड़ के आसपास कारोबार हुआ है।
सराफा, इलेक्ट्रानिक में दूसरे दिन कम खरीदी
धनतेरस के पहले दिन शुभ मुर्हूत शाम से होने के कारण सराफा में देर रात तक खरीदारी हुई। सराफा कारोबारी लक्ष्मी नारायण लाहौटी के मुताबिक करीब 60 फीसदी कारोबार पहले ही दिन हो गया। बचा हुआ 40 फीसदी कारोबार रविवार को मुर्हूत समाप्त होने के पहले तक हुआ। इसके बाद भी बाजार में लोग अपनी सहूलियत के मुताबिक आते रहे। शादियों की खरीदारी भी जमकर हुई है। कारोबारियों के मुताबिक पिछले साल सराफा बाजार में छह सौ करोड़ का कारोबार पूरे राज्य में हुआ था। इस बार इससे 20 फीसदी ज्यादा कारोबार हुआ है।
इलेक्ट्रॉनिक में दूसरे दिन 30 फीसदी कारोबार
मोबाइल और इलेक्ट्राॅनिक्स बाजार में भी लाेग अपनी पसंद के मोबाइल और इलेक्ट्राॅनिक्स सामानों की दो दिनों तक जमकर खरीदारी की। पहले दिन मोबाइल दुकानों के साथ इलेक्ट्रानिक बाजार में भी भारी भीड़ रही। लाेगों ने अपनी पसंद की एलईडी, फ्रिज, वाॅशिंग मशीन, एसी, इलेक्ट्राॅनिक चिमनी, ओवन, लैपटॉप, कंप्यूटर, होम थिटेयर के कई तरह के आइटम बिके। मोबाइल बाजार में भी रौनक रही। लोगों ने अपनी पंसद के अलग-अलग मॉडल के दस हजार रुपए से लेकर एक लाख रुपए तक के मोबाइल खरीदे। इलेक्ट्रानिक्स कारोबारी मंशा मेघानी के मुताबिक पहले दिन 70 फीसदी कारोबार हुआ, रविवार को 30 फीसदी की कारोबार हुआ है।
रीयल एस्टेट में रफ्तार सुस्त
रीयल एस्टेट में नवरात्रि और पुष्य नक्षत्र के बाद धनतेरस पर भी थोक में मकान बिकने प्रारंभ हुए हैं। शनिवार को पूरे प्रदेश में बड़ी संख्या में मकान और प्लाट बिके हैं। इसकी तुलना में रविवार को काफी कम मकान और प्लाट बिके। बिल्डर शैलेश वर्मा के मुताबिक ज्यादातर लोगों ने शनिवार को ही मकान और प्लाट लिए, रविवार काे कम कारोबार हुआ। दाे दिनों में पूरे प्रदेश में करीब पांच सौ करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है।



