मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

स्टेशनपारा रेलवे ओवरब्रिज से नहीं गुजरेंगे चारपहिया और भारी वाहन: 30 दिसंबर तक चलेगा अंडरब्रिज निर्माण

कलेक्टर ने जारी किया आदेश, दोपहिया वाहनों को छूट; राजनांदगांव-खैरागढ़ मार्ग पर यातायात के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश

राजनांदगांव। राजनांदगांव में स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज के निर्माण के चलते रेलवे ओवरब्रिज से वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जितेंद्र यादव ने राजनांदगांव-खैरागढ़ मार्ग पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज (ROB क्रमांक 329A) से दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों के आवागमन पर आगामी आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है।

यह फैसला निर्माण कार्य के दौरान लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। कलेक्टर ने पुलिस और यातायात विभाग को वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

1 नवंबर से शुरू हुआ निर्माण, 30 दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद

स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज यानी लेवल क्रॉसिंग क्रमांक 460 का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। 6 नवंबर को संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके का संयुक्त निरीक्षण किया था। निरीक्षण रिपोर्ट के मुताबिक, अंडरब्रिज निर्माण के तहत बॉक्स पुशिंग का काम 1 नवंबर 2026 से शुरू किया गया है। इसके 30 दिसंबर 2026 तक पूरा होने की संभावना है।

जनसुरक्षा के लिए लिया गया फैसला

संयुक्त निरीक्षण में पाया गया कि निर्माण कार्य के दौरान रेलवे ओवरब्रिज से वाहनों की आवाजाही जारी रखना जोखिम भरा हो सकता है। इसे देखते हुए दोपहिया वाहनों को छोड़कर बाकी सभी वाहनों पर रोक लगाने की अनुशंसा की गई थी।

कलेक्टर ने जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रतिबंध का आदेश जारी किया है। पुलिस और यातायात विभाग को परिवर्तित मार्ग पर जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है, ताकि निर्माण कार्य भी सुरक्षित तरीके से पूरा हो और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button