नवरात्रि में आटोमोबाइल्स और रीयल एस्टेट में जमकर बरसीं लक्ष्मी

रायपुर(realtimes) नवरात्रि पर आटोमोबाइल्स और रीयल एस्टेट में जमकर पैसों की बारिश हुई है। 9 दिनों में हजार करोड़ का कारोबार हो गया। इतना कारोबार ताे एक माह में भी नहीं हाेता है। जहां एक तरफ 30 हजार से ज्यादा दुपहिया वाहन बिके, वहीं तीन हजार से ज्यादा चारपहिया वाहन बिके हैं। इसके अलावा घरों और प्लाटों की भी थोक में बिक्री हुई है।
साल भर के त्योहारों में गणेश चतुर्थी के बाद नवरात्रि में भी अमूमन 9 दिनों तक लगातार खरीदारी होती है। इन दिनों में सबसे ज्यादा वाहनों के साथ घरों और प्लांटों की बिक्री होती है। सबसे बड़ा कारोबार 9 दिनों में वाहनों का हुआ है। जीके होंडा के पुनीत पारवानी के मुताबिक सबसे ज्यादा बिक्री दुपहिया वाहनों की हुई है। रायपुर में ही 9 दिनों में 6 से 7 हजार वाहन बिके हैं। पूरे प्रदेश की बात करें तो 30 हजार दुपहिया वाहन बिके हैं। इसी के साथ तीन हजार से ज्यादा चार पहिया वाहन भी बिके हैं। दोनों को मिलाकर करीब आठ सौ करोड़ का कारोबार हुआ है।
दो सौ करोड़ के मकान-प्लाट बिके
रीयल एस्टेट को भी नवरात्रि का इंतजार रहता है। धनतेरस और दीपावली की तरह नवरात्रि में भी बहुत ज्यादा मकान और प्लाट बिकते हैं। बिल्डरों के मुताबिक कई लोगों ने पहले ही बुकिंग करवा के रखी थी। नवरात्रि के पहले ही दिन से जमकर मकान और प्लाट बिके हैं। रजिस्ट्री भी बहुत हुई है। बिल्डरों का कहना है, राजधानी रायपुर में ही करीब सौ करोड़ का कारोबार हुआ है। करीब इतना ही कारोबार प्रदेश के अन्य शहरों में हुआ है। इस साल लगातार रीयल एस्टेट में नई योजनाएं लांच हुई हैं। पहली बार साल भर के पहले ही दो सौ ज्यादा नई योजनाएं आई हैं। धनतेरस और दीपावली में भी इस बार जमकर कारोबार होने की संभावना है।



