राजनांदगांव के भाजयुमाे नेताओं ने 12 घंटे में की 64 किमी पदयात्रा

रायपुर(realtimes) शहर जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने बताया, कांग्रेस की चुनौती के जवाब में राजनांदगांव के भाजपा कार्यकर्ताओं ने 64 किमी की यात्रा 12 घंटे में तय कर कांग्रेसी चुनौती को ध्वस्त कर दिया है। पिछले दिनों कांग्रेस पार्टी के प्रभारी महामंत्री अमरजीत सिंह चावला चुनौती दी थी की भारतीय जनता पार्टी में कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ, जो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की तरह 52 किमी प्रतिदिन की पैदल यात्रा कर पाए|
श्री सुंदरानी ने बताया, इस चुनौती को राजनांदगांव के भारतीय जनता युवा मोर्चा के 3 कार्यकर्ता समीर श्रीवास्तव, खोमन मेश्राम, रोहित मलकानी ने स्वीकार किया और इन्होने 12 घंटे में करीब 63.9 किमी की यात्रा पूर्ण कर रात्रि को कुम्हारी में विश्राम किया| उसके पश्चात दूसरे दिन यात्रा प्रारंभ कर यात्रा टाटीबंध महाराणा प्रताप चौक पहुंचे, जहां मेरे नेतृत्व में भाजपा रायपुर शहर जिला ने पदयात्रा पर आए तीनों कार्यकर्ताओ का स्वागत किया एवं उनके साथ ही रायपुर शहर जिला के जिला महामंत्री रमेश सिंह ठाकुर, संजय तिवारी, अकबर अली, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष गोविंदा गुप्ता, अर्पित सूर्यवंशी, रविंद्र सिंह ठाकुर, हंसराज विश्वकर्मा, रंजीत सिंह, पार्षद रजियंत ध्रुव, मृत्युंजय दुबे, असगर अली, संभव शाह आदि कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के बंगले पहुंचे, जहां राजनांदगांव से आए तीनो युवाओं सहित भाजपा शहर जिला के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन देने का प्रयास किया। यहां पहले तो उपस्थित कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का ड्रामा जारी था, चुनौती में मुंह की खाते देख स्वागत की नौटंकी की एवं वहां के कर्मचारियों ने ज्ञापन लेने से मना किया। तदुपरांत जिलाध्यक्ष, महामंत्री एवं समस्त कार्यकर्ता मरकामजी के निवास से टस से मस नहीं हुए, तब अंततः पुलिस प्रशासन ने श्री मरकाम के निवास से कर्मचारी को बुलाकर ज्ञापन दिलाया|
जितने दिन चाहे पदयात्रा में साथ चलेंगे : सुंदरानी
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को चुनौती दी है कि वो जितने भी दिन पदयात्रा करना चाहें, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पदयात्रा करने को तैयार हैं। यदि प्रदेश का विकास इस तरह की पदयात्राओं से ही होना है तो भाजपा का हर कार्यकर्ता पदयात्रा के लिए तैयार है, बशर्ते इस कुंभकर्णी निद्रा में लीन सरकार की निद्रा भंग हो एवं प्रदेश की जनता के हितों में धरातल पर क्रियान्वयन हो।