सरकारी ठेकेदार देंगे नवा रायपुर में धरना

रायपुर(realtimes) राज्य भर के ठेकेदाराें एक बार फिर से सरकारी विभागाें के खिलाफ माेर्चा खाेल दिया है। राजधानी रायपुर में जुटे ठेकेदाराें की सिरपुर भवन में हुई बैठक में जहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अपनी समस्याएं बताने का फैसला किया है, वहीं पहले चरण में लोक निर्माण और जल संसाधन विभाग के सामने नया रायपुर में धरना देने का फैसला किया गया है।
प्रदेश भर में दस हजार से ज्यादा सरकारी ठेकेदार हैं। मटेरियल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण अंतर की राशि देने की मांग सरकारी विभागों के सामने रखी गई थी। इसको लेकर प्रदेश के मंत्रियों रवींद्र चौबे, ताम्रध्वज साहू से भी मुलाकात करके अपनी समस्याएं बताईं तो मंत्रियों ने समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया और विभाग के अधिकारियों को ठेकेदारों से बात करके समस्या का समाधान करने के निर्देश भी दिए, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। कांट्रेक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीरेश शुक्ला का कहना है, अधिकारी मंत्रियों के निर्देश भी नहीं मान रहे हैं। ऐसे में ठेकेदाराें ने परेशान होकर एक बार फिर से मोर्चा खोलने का फैसला किया है। इस बार 27 सितंबर को नया रायपुर में प्रदेश भर के ठेकेदार जुटेंगे और लोक निर्माण और जल संसाधन विभाग के सामने एक दिवसीय धरना दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री से मिलेंगे, बताएंगे समस्या
बैठक में ठेकेदारों ने एक स्वर में कहा, अधिकारी जब कोई बात नहीं सुन रहे हैं तो अब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिलकर उनको ही अपनी समस्याएं बताईं जाएं। ऐसे में मुख्यमंत्री से मिलने के लिए समय मांगा गया है। ठेकेदारों को भरोसा है कि मुख्यमंत्री के सामने बात रखेंगे तो वे जरूर इसका निराकरण करेंगे। इसके पहले भी मुख्यमंत्री ने ही ठेकेदारों की समस्याओं का समाधान किया है।



