70 वार्डो से 700 समस्याओं का पुलिंदा लेकर भाजपा करेगी आज रायपुर नगर निगम का घेराव

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी रायपुर शहर जिला द्वारा जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल के नेतृत्व में भाजपा शहर जिला के वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में नगर निगम और महापौर के खिलाफ आज बड़े घेराव की तैयारी है। भाजपा नेता अलग अलग चारों विधानसभाओं में एक तय स्थान पर एकत्रित होकर नगर निगम घेराव के लिए कूच करेंगे। दक्षिण विधानसभा का नेतृत्व वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल करेंगे जिसका एकत्रीकरण स्थान कालीबाड़ी चौक, पश्चिम राजेश मूणत एकत्रीकरण स्थान आमापारा चौक, उत्तर विधानसभा श्रीचन्द सुंदरानी मोतीबाग चौक और नंदकुमार साहू ग्रामीण विधानसभा कालीमंदिर आकाशवाणी चौक है।
भाजपा नेताओं की मानें तो वे रायपुर नगर निगम के खिलाफ बड़े आंदोलन को तैयार हैं, जिसे जनता द्वारा व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। जनता में रायपुर निगम की अनियमितता , भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी से काफी रोष है और भाजपा नेता जनता की समस्यायों का पूरा पुलिंदा लेकर एकजुटता के साथ नगर निगम रायपुर में धावा बोलने तैयार हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष जयंती पटेल ने आंदोलन के संदर्भ में विस्तार से चर्चा करते हुए कहा, भाजपा ने सदैव जनता के हितों के मुद्दे लेकर सड़क से संसद तक कि लड़ाई लड़ी है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और महापौर भी कांग्रेसी है और रायपुर नगर निगम नाकामियों की जीवंत इमारत है। केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार रायपुर स्मार्टसिटी निर्माण के लिए जो राशि आबंटित करती है उससे तो मात्र चुन चुन कर अपने करीबियों को लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।चाहे उसके लिए नियम और कानून की धज्जियां उड़ानी पड़े। महापौर को जवाब देना होगा कि इस तरह नियम विरुद्ध ठेके आबंटित क्यो किए जा रहे हैं और इससे किसको कितना लाभांश पहुंचता है ।
संपत्ति कर हॉफ का ढोल पीटने वाली कांग्रेस ने जनता पर इतना बेतहाशा यूजर चार्ज लगाया है की जनता अब संपत्ति कर से हाँफने लगी है। जल आपूर्ति और स्वच्छता में पूरी तरह निगम विफल है। पीलिया का प्रकोप इसका उदाहरण है। आज जल आपूर्ति का हाल खराब है, ठंड में यह हाल है तो गर्मी में क्या हाल होगा। इसका तो स्वयं अंदाजा लगाया जा सकता है। नगर निगम रायपुर महापौर की विफलताओं की सूची बहुत ज्यादा लंबी है इसलिए हमने 70 वार्डो में नुक्कड़ सभाएँ की और प्रत्येक वार्ड से लिखित में 10 मूल समस्याएं माँगाई गई है और हम उन्ही 700 समस्यायों को लेकर नगर निगम का घेराव करेंगे ।



