हेट स्पीच पर अपराध दर्ज होने पर भड़के भाजपा नेता  - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

हेट स्पीच पर अपराध दर्ज होने पर भड़के भाजपा नेता 

रायपुर. हेट स्पीच मामले में भाजपा नेताओं पर अपराध दर्ज किए जाने पर भाजपा नेता इसको लेकर भड़क गए हैं। इस मामले में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल डरे और घबराए हुए हैं। वे अपनी गलतियों को छुपाने के लिए लोगों के अधिकारों का दमन कर रहे हैं। इसी के साथ अधिकारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा है, वे भी दूध के धुले नहीं हैं। केंद्र सरकार से भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसी के साथ प्रदेश भाजपा के महामंत्री ओपी चौधरी का कहना है, हेट स्पीच के सरगना तो प्रदेश के कांग्रेसी नेता हैं।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, भाजपा नेताओं द्वारा की गई पोस्ट मैंने भी देखी है। उनके पोस्ट में ऐसा कुछ नहीं है कि इसे हेट स्पीच कहा जाए या लोगों को भड़काने वाला माना जाए। परंतु वास्तविक स्थित को बयां करना कि छत्तीसगढ़ सरकार के संरक्षण में धर्मांतरण हो रहा है। वर्ग विशेष के लोगों को प्रश्रय मिल रहा है। हिंदू लड़कियों को बरगला कर और उनसे शादी करने के बाद में उनको जीवन बर्बाद किया जा रहा है। यह सच लोग बोल रहे हैं तो यह कौन सी हेट स्पीच है। भाजपा के खिलाफ कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को श्री अग्रवाल ने चेतावनी देते हुए कहा, उन्हें यह समझ लेना चाहिए की वे दूध के धुले हुए नहीं हैं। वे सरकार की गलत बातों को सिर आंखों पर लेकर कार्य करेंगे तो हम भी केंद्र सरकार से मांग करेंगे कि जिन अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले व अन्य तरह की जांच चल रही है उन पर कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस विधायक करते हैं सरे आम मारपीट: चौधरी
भाजपा कार्यकर्ताओं पर केस करने से भड़के प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी कहा, कांग्रेस पार्टी के विधायक सरेआम मारपीट करते हैं, मंत्री बच्चों को अधिकारियों का कालर पकड़ने की सलाह देते हैं अन्य विधायक खुलेआम धमकी चमकी करते हैं। असल में मुख्यमंत्री को पीड़ा इस बात की है कि भाजपा द्वारा 50 लाख की राशि की मांग करने के बाद मजबूरी में 10 लाख रुपए स्वर्गीय भुनेश्वर साहू के परिवार को देने पड़े। 10 जनपथ के अलावा वह कहीं पैसा देना नहीं चाहते। भाजपा अन्याय के खिलाफ इस लड़ाई को लड़ती रहेगी जितने केस करने हैं करे। बिरनपुर में हुए सांप्रदायिक विवाद के बाद प्रशासन के साथ शांति व्यवस्था कायम करने के लिए लगातार काम करने वाले मीडिया को आज बिरनपुर जाने के लिए रोका गया, मीडिया के साथियों के साथ पुलिसकर्मी ने धक्का-मुक्की की। आखिर क्या छुपाना चाहता है प्रशासन।

Related Articles

Back to top button