साव आज आएंगे, स्वागत में हाेगा जमकर शक्ति प्रदर्शन

रायपुर(realtimes) भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव का दिल्ली से आज आगमन हाेगा। नए अध्यक्ष के स्वागत में जमकर शक्ति प्रदर्शन हाेगा। इसके लिए विमानतल पर दो हजार से ज्यादा पदाधिकारी और कार्यकर्ता जाएंगे। यहां पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के साथ कई बड़े नेता, कार्यसमिति के सदस्य सांसद, विधायक सभी काे रहने का फरमान जारी किया गया है। विमानतल से लेकर एकात्म परिसर के रास्ते में मोर्चा, प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता जोरदार स्वागत करेंगे। भाजयुमो के 12 सौ बाइकर्स अध्यक्ष के वाहन के सामने रैली के रूप में चलेंगे।
नए अध्यक्ष श्री साव दिल्ली से आज दोपहर 1.45 बजे रायपुर पहुंचेंगे। विमानतल पर ही उनका जोरदार स्वागत होगा। विमानतल पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष के अलावा रायपुर के सांसद सुनील सोनी, राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, प्रदेश के महामंत्री के संगठन महामंत्री पवन साय, महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी, नारायण सिंह चंदेल, किरण देव, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी सहित कई पदाधिकारी और भारी संख्या में प्रदेश, जिला संगठन के पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, महामंत्री, संयोजक, सहसंयोजक, पदाधिकारी कार्यकर्ता रहेंगे। विमानतल से एकात्म परिसर तक रास्ते में कई स्थानों पर भी स्वागत की तैयारी की गई है। किसान मोर्चा तेलीबांधा तालाब के पास श्री साव को धान से तौलेगा। श्री साव रास्ते में दीनदयाल उपाध्याय, शहीद भगत सिंह, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे।
एकात्म परिसर से निकलेगी तिरंगा यात्रा
एकात्म परिसर आने के बाद यहां पर जहां पदाधिकारी और कार्यकर्ता स्वागत करेंगे, वहीं श्री साव का उद्बोधन भी होगा। यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ सभी बड़े नेता रहेंगे। यहां के कार्यक्रम के बाद शाम को पांच बजे तिरंगा यात्रा निकलेगी जो जयस्तंभ चौक से होते हुए आजाद चौक में गांधी प्रतिमा तक जाएगी। इस बीच शारदा चौक में श्यामा प्रसाद मुखर्जी, नवीन बाजार में खूबचंद बघेल, तात्यापारा में छत्रपति शिवाजी और अंत में आजाद चौक में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ तिरंगा यात्रा का समापन होगा। यहां से श्री साव कुशाभाऊ ठाकरे परिसर जाएंगे। वहां पर श्री साव का स्वागत होगा और वे पदभार ग्रहण करेंगे। रात्रि विश्राम ठाकरे परिसर में करने के बाद दूसरे दिन वे सुबह को दस बजे मीडिया से बात-चीत के बाद बिलासपुर के लिए रवाना होंगे।



