सभी संभागों में हाेगा भाजपा के कार्यकर्ताओं का सम्मान, रायपुर में पांच, दुर्ग में 6 काे कार्यक्रम

रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा में बड़ी जीत के बाद अब प्रदेश भाजपा संगठन ने लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारी प्रारंभ कर दी है। इसके लिए सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ को जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। सबसे पहले सभी संभागाें में कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जा रहा है। पांच जनवरी को रायपुर संभाग में कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के लिए सम्मेलन होगा। इसके बाद लगातार हर संभाग में कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे। किसान मोर्चा को पांच हजार गांवों में एक ही दिन में जाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए कार्यसमिति की बैठक में फैसला होगा। भाजयुमो नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए कार्यक्रम करेगा।
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में मिली बड़ी जीत के बाद अब भाजपा का प्रदेश संगठन अपने कार्यकर्ताओं का पहले कदम पर सम्मान करके उनको लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने के लिए कहेगा। प्रदेश संगठन ने इसको लेकर रणनीति तैयार कर ली है। सबसे पहले रायपुर संभाग का कार्यकर्ता सम्मेलन 5 जनवरी को किया जा रहा है। इसमें शक्ति केंद्रों, मंडलों के कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। 6 जनवरी को दुर्ग संभाग का सम्मेलन होगा। इसके बाद बाकी संभागों के सम्मेलन होंगे।
हर मोर्चा की जिम्मेदारी तय
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए संगठन के साथ ही अपने सभी मोर्चा की जिम्मेदारी तय कर दी है। मोर्चा में यूं तो सभी मोर्चा महत्वपूर्ण हैं, लेकिन तीन अहम मोर्चा भाजयुमो, किसान और महिला मोर्चा हैं। इनके कंधों पर ही ज्यादा भार रहता है। ऐसे में किसान मोर्चा के लिए तय किया गया है कि इस मोर्चा के एक साथ पांच हजार नेता एक ही दिन पांच हजार गांवों में जाएंगे और वहां पर रात को रहने के साथ ही गांवों के किसानों को इस बात की जानकारी दी जाएगी कि प्रदेश में वापस आई भाजपा सरकार के साथ केंद्र की मोदी सरकार किसानों के लिए क्या-क्या काम कर रही है। गरीबों को दिए जाने वाले 18 लाख आवासों के बारे में गांवों में बताया जाएगा। किसान मोर्चा किस दिन गांवों में जाएगा इसकी तिथि किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में तय होगी। मोर्चा के अध्यक्ष पवन साहू का कहना है कि दस जनवरी से पहले कार्यसमिति की तैयारी है। इसमें मोर्चा काे दी गई जिम्मेदारी पर फैसला होगा कि कब क्या करना है। महिला मोर्चा को युवतियों का सम्मेलन करने के साथ महिला खिलाड़ियों, स्व सहायता समूहों का सम्मान करने का जिम्मा दिया गया है। भाजयुमो को भी युवाओं से जुड़े काम दिए गए हैं। नए मतदाताओं को जोड़ने का भी काम किया जाना है। इसकी तैयारी में भाजयुमो लगा हुआ है। हर मोर्चा के अलग-अलग स्तरों पर सम्मेलन भी होंगे।



