बेटी से एकतरफा प्यार करता था युवक, मां ने रोका तो कुल्हाड़ी से मार डाला; झारखंड से आरोपी गिरफ्तार - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

बेटी से एकतरफा प्यार करता था युवक, मां ने रोका तो कुल्हाड़ी से मार डाला; झारखंड से आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 55 वर्षीय महिला धनमनी बाई की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला की बेटी से एकतरफा प्यार करता था और उसे परेशान करता था।

महिला ने आरोपी को बेटी से दूर रहने की हिदायत दी थी। इसी बात से नाराज युवक ने घर में रखी कुल्हाड़ी से महिला के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने हत्या के आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका (30) को झारखंड के रायडीह से गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद की गई है। मामला आस्ता थाना क्षेत्र के हर्री गांव का है।

बेटी को परेशान करने से रोकती थी महिला

पुलिस जांच में सामने आया कि अवधेश राम धनमनी बाई की बेटी से बातचीत करना चाहता था। बेटी ने उससे बात करने से इनकार कर दिया था। इसके बावजूद आरोपी उसे परेशान करता था। धनमनी बाई भी कई बार उसे ऐसा करने से रोक चुकी थीं।

3 सितंबर को आरोपी महिला के घर पहुंचा। यहां फिर बेटी से बातचीत और उसे परेशान नहीं करने को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में अवधेश ने घर में रखी कुल्हाड़ी से धनमनी बाई के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।

जंगल से लौटे पति ने देखा शव

धनमनी बाई के पति 3 सितंबर की दोपहर करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद मवेशियों को चराने जंगल चले गए थे। शाम करीब 6 बजे लौटने पर उन्होंने पत्नी को घर के अंदर जमीन पर पड़ा देखा। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट थी। पास में कुल्हाड़ी भी पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

रायडीह में मिली आरोपी की लोकेशन

पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच में आरोपी और मृतका के बीच पहले विवाद की जानकारी मिली। आरोपी घर पर नहीं मिला तो पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों से उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद टीम झारखंड के रायडीह पहुंची और उसे गिरफ्तार कर जशपुर लाई।

पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button