संतोष आज लेंगे चुनावी समितियों की क्लास, रात काे शाह करेंगे चुनावी रणनीति पर मंथन - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

संतोष आज लेंगे चुनावी समितियों की क्लास, रात काे शाह करेंगे चुनावी रणनीति पर मंथन

रायपुर(realtimes) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक बार फिर से आज रात काे रायपुर आ रहे हैं। उनके शाम को आने से पहले सुबह भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष आ गए हैं। वे दिन भर प्रदेश की चुनावी समितियों की बैठक लेंगे। इसके बाद रात को श्री शाह के साथ चुनावी रणनीति पर होने वाले मंथन में भी शामिल होंगे। संगठन महामंत्री कल शनिवार को बिलासपुर संभाग की बैठक लेंगे। इसी के साथ बिल्हा विधानसभा की भी बैठक लेंगे। यह बैठक अहम होगी, क्योंकि इस सीट पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक विधायक हैं। इन सब बैठकों के बाद भाजपा की करीब दो दर्जन प्रत्याशियों की दूसरी सूची के आने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव की कमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने हाथ में ले ली है। दो बार यहां पर आकर बैठक लेने के साथ ही एक बार दिल्ली में भी प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक ले चुके हैं। अब तीसरी बार बैठक लेने के लिए शुक्रवार की शाम को यहां आ रहे हैं। इस बार की बैठक अहम है, क्योंकि इस बैठक के बाद भाजपा के प्रत्याशियों की दूसरी सूची का ऐलान होना है।
बीएल संतोष की अहम बैठकें
श्री शाह के आने से पहले यहां पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष आज सुबह को पहुंच गए हैं। वे यहां पर दिन भर प्रदेश भाजपा की अलग-अलग चुनाव समितियों की बैठक लेकर उनसे जानकारी लेने के साथ ही उनको मार्गदर्शन देंगे कि क्या करना है। इन बैठकों के बाद जहां वे रात को अमित शाह के प्रदेश के बड़े नेताओं के साथ बैठक में शामिल होंगे, वहीं दूसरे दिन बिलासपुर जाकर वहां पर सुबह को दस बजे बिलासपुर संभाग की बैठक लेंगे। इसके बाद बिल्हा विधानसभा की अलग से बैठक होगी। इस बैठक को अहम माना जा रहा है, क्योंकि यहां की सीट से पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक का भविष्य जुड़ा हुआ है।
दूसरी सूची में दो दर्जन नाम संभव
भाजपा ने प्रत्याशियों की एक और सूची लाने की पूरी तैयारी कर ली है। पहले इस सूची में करीब एक दर्जन नामों पर मुहर लगाने की तैयारी थी, लेकिन अब करीब दो दर्जन प्रत्याशियों के नामों का ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा के ज्यादातर प्रत्याशियों का ऐलान अगले माह तक करने की भी तैयारी है। प्रत्याशियों को लेकर मंथन हो गया है और सभी विधानसभाओं के दावेदारों के नामों का पैनल भी राष्ट्रीय संगठन को दे दिया गया है। यहां पर श्री शाह और बीएल संतोष की बैठकों के बाद प्रत्याशियों का ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है। इनके लौटने के बाद कभी भी दूसरी सूची घोषित कर दी जाएगी। दूसरी सूची में सीतापुर, कोंटा, कोटा और पाली तानाखार की सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान होगा। इन सीटों पर भाजपा कभी नहीं जीती है। इन चार सीटों के साथ करीब और डेढ़ दर्जन से ज्यादा सीटों पर भी भाजपा के प्रत्याशियों का ऐलान किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button