साव बोले- अब नशाबंदी की बात कर नया घोटाला करने की मंशा है क्या?

रायपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, पूर्ण शराब बंदी के अपने वादे से मुकर चुकी प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अब नशाबंदी के नाम पर सियासी लफ्फाजी करने में लगे हैं। लगता है अब नशाबंदी के नाम से नया घोटाला करने की कांग्रेस सरकार की मंशा है।
श्री साव ने कहा, शराबबंदी का वादा करके कांग्रेस की भूपेश सरकार ने दो हजार करोड़ रुपए का घोटाला कर दिया। अब मुख्यमंत्री बघेल और कांग्रेस के लोग बाताएं कि नशाबंदी की बातें करके वे कितने हजार करोड़ रुपयों का संस्थागत घोटाला करने की मंशा पाले बैठे हैं? कांग्रेस की सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में हर मोर्चे पर अपने घोटालों व भ्रष्टाचार के राजनीतिक चरित्र का परिचय दिया है। श्री साव ने कहा, कांग्रेस ने जिस-जिस योजना की बात कही, उसमें घोटाले के अलावा और कोई काम किया ही नहीं। गौठान, गोबर, वर्मी कम्पोस्ट घोटाला इसकी तस्दीक कर रहे हैं। धान तस्करी, रेत चोरी, शराब घोटाला, नशे के व्यापार जैसे अवांछनीय कृत्यों के जरिए प्रदेश में युवाओं को बर्बाद करने का जो स्टार्टअप शुरू हुआ है, प्रदेश कांग्रेस को तो अब अपने कार्यकर्ताओं को इसका प्रशिक्षण भी जरूर देना चाहिए। श्री साव ने कहा, छत्तीसगढ़ को शराब, ड्रग्स, गांजा, अफीम, हेरोइन आदि की तस्करी को अपरोक्ष-अपरोक्ष संरक्षण देकर प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ महतारी की गरिमा और मान-सम्मान को तहस-नहस करके रख दिया है।



