रेरा में सदस्य बनने थोक में रिटायर्ड आईएएस, आईपीएस भी लाइन में  - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

रेरा में सदस्य बनने थोक में रिटायर्ड आईएएस, आईपीएस भी लाइन में 

रायपुर(realtimes) प्रदेश में प्रशासनिक सेवा के रिटायर हाे चुके अधिकारी भी वापस सरकारी नौकरी पाने की जुगाड़ में रहते हैं। जहां भी मौका मिलता है ये अधिकारी आवेदन करने से नहीं चूकते हैं। अब रेरा की ही बात ले लाे। यहां के एकमात्र सदस्य आरके टम्टा का कार्यकाल इस माह पूरा होने वाला है। ऐसे में नए सदस्य के लिए प्रदेश के आवास एवं पर्यावरण विभाग ने आवेदन मंगाने प्रारंभ किए हैं। सदस्य बनने के लिए थोक में कई रिटायर आईएएस, आईपीएस,आईएफएस सहित कई बड़े अधिकारी लाइन में हैं। ये 30 नवंबर से पहले आवेदन कर देंगे।
देश भर के राज्यों के साथ अपने राज्य में भी रेरा 2018 से काम कर रहा है। इसमें जहां विवेक ढांड अध्यक्ष हैं, वहीं दो सदस्य भी रखे गए थे। सदस्यों में से एक सदस्य पूर्व एसीएस एनके असवाल का कार्यकाल पहले ही समाप्त हो गया है, लेकिन उनके स्थान पर कोई नया सदस्य नहीं रखा गया है, लेकिन अब जबकि दूसरे सदस्य का भी कार्यकाल समाप्त हो रहा है तो ऐसे में नए सदस्य के लिए आवेदन मंगाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
ये लाेग ही कर सकेंगे आवेदन 
सदस्य की बनने के लिए जो योग्यता है उसमें आवेदन करने वाले अधिकारी को कम के कम राज्य सरकार में सचिव पद पर काम किया होना चाहिए या फिर इसके समतुल्य पद पर काम कर चुके हों। ऐसे तकनीकी विशेषज्ञ भी आवेदन कर सकते हैं जिनके पास शहरी विकास, आवास, भू-संपदा विकास, अधोसंरचना, अर्थव्यवस्था, योजना, वाणिज्य, लेखाकर्म, उद्योग, प्रबंधन, समाज सेवा और लोक कार्य व सदस्य के रूप में कम से कम 15 वर्ष का पर्याप्त ज्ञान और वृत्तिक अनुभव हो। आवेदन करने वालों को 30 नवंबर तक उपसचिव आवास पर्यावरण विभाग को अपना आवेदन भेजना है। रिटायर्ड अफसरों को आवेदन के साथ-साथ अंतिम पांच वर्षों का सीआर और विजिलेंस क्लीयरेंस प्रमाण पत्र संलग्न करना जरूरी है। सदस्य का चयन करने का काम चीफ जस्टिस की अध्यक्षता में गठित कमेटी, जिसमें सदस्य सीएस और आवास पर्यावरण विभाग के एसीएस सदस्य होंगे, करेगी। कमेटी आवेदनों पर विचार कर एक से अधिक नाम का पैनल मुख्यमंत्री को भेजेगी। मुख्यमंत्री ही किसी एक नाम पर मंजूरी देंगे और फिर उनकी नियुक्ति होगी।
ये अधिकारी लगे हैं जुगाड़ में 
अब तक जिन लोगों के दावेदारों के रूप में नाम सामने आ रहे हैं, उनमें आईएएस, आईपीएस, आईएफएस सहित कई अफसरों शामिल हैं। जो नाम चर्चा में हैं, उनमें केडीपी राव, उमेश अग्रवाल, रिटायर्ड कमिश्नर एके टोप्पो आईएफएस अफसरों में रिटायर्ड पीसीसीएफ राकेश चतुर्वेदी, रिटायर्ड पीसीसीएफ और संविदा में काम कर रहे एसएस बजाज, यूनुस अली, जयसिंह मस्के सहित एक दर्जन से ज्यादा अधिकारियों के नाम हैं।

Related Articles

Back to top button