रासुका के खिलाफ भाजपा का धरना  - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

रासुका के खिलाफ भाजपा का धरना 

रायपुर. राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के विरोध में भाजपा ने सोमवार को राजधानी रायपुर के साथ प्रदेशभर में धरना दिया। भाजपा नेताओं ने कहा, बस्तर संभाग सहित पूरे छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार की शह पर बढ़ते अवैध धर्मांतरण एवं आदिवासी समाज पर पुलिस की एकतरफा बर्बरतापूर्वक कार्रवाई के कारण पूरे प्रदेश में आदिवासी समाज आहत है।

भाजपा नेताओं ने कहा, पूरे प्रदेश में वनांचल क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी लगातार जारी अवैध धर्मांतरण, अवैध चर्च निर्माण आदि पर रोक लगाने कार्रवाई करने के बजाय प्रदेश सरकार द्वारा वर्ग-भेद व वर्ग संघर्ष करने की रणनीति अपनाई जा रही है। राज्य सरकार द्वारा मिशनरियों का हौसला बढ़ाने के लिए रासुका जैसे कानून का सहारा लिया जा रहा है।

रायपुर शहर के धरने में सच्चिदानंद उपासने, संजय श्रीवास्तव, श्रीचंद सुंदरानी, दुर्ग में पूर्व मंत्री रमशिला साहू, पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना, जितेंद्र वर्मा, भिलाई में ब्रिजेश ब्रिजपुरिया, सूरजपुर में रामसेवक पैकरा, जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, भीमसेन अग्रवाल, कवर्धा में प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, मोतीराम चंद्रवंशी, जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, गोपाल साहू, कांकेर में पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा, भोजराज नाग, सुमित्रा मारकोले, विजय मंडावी, बलौदाबाजार में लक्ष्मी वर्मा, दंतेवाड़ा में जिलाध्यक्ष चैतराम अटामी समेत धरना-प्रदर्शन में सभी जिलों में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा की मांग

धर्मांतरण के काम में लगीं मिशनरियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई हो। आदिवासी समाज के लोगों पर झूठे केस बनाकर जेल भेजने से रोकने उचित दिशा-निर्देश जारी हों। नारायणपुर की घटना में जेल में बंद किए गए आदिवासियों की तत्काल रिहाई हो। कांग्रेस सरकार निर्दोष लोगों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई तत्काल बंद करे। 

Related Articles

Back to top button