रिम्स के अधिष्ठाता डॉक्टर काे हटाने के विराेध में सामने आया भाजपा का चिकित्सा प्रकाेष्ठ - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
City

रिम्स के अधिष्ठाता डॉक्टर काे हटाने के विराेध में सामने आया भाजपा का चिकित्सा प्रकाेष्ठ

रायपुर(realtimes) भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विमल चोपड़ा, पूर्व प्रदेश संयोजक डॉ. अखिलेश दुबे, डॉ. जेपी शर्मा, सहसंयोजक डॉ. खंडेलवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. रवि राठी, एवं डॉ. रामेश्वर ठाकुर ने रिम्स मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. गंभीर सिंह सेंदराम को छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल द्वारा 3 माह के लिए चिकित्सकीय कार्य से पृथक किए जाने को गैर जरूरी एवं राजनीतिक कार्यवाही बताते हुए निंदा की है।

डॉ. चोपड़ा ने कहा, एक प्रशासनिक कार्य में यदि कोई खामियांं पाई जाती हैं, तो उसके लिए चिकित्सकीय कार्य में प्रतिबंध ऐसा ही है जैसे राजस्व के प्रकरण को अपराधिक मान लिया गया और सजा मनमाने ढंग से सुना दी गई। छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल की सामान्य सभा में पदस्थ लोगों के नाम देखने से लगभग स्पष्ट हो जाता है कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े एक कांग्रेसी नेता के गिरोह के रूप में इसका संचालन हो रहा है। डॉ. गंभीर पर कार्रवाई मात्र इसलिए की गई क्योंकि वो मरवाही विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी थे। भाजपा से संबंधित होने के कारण उन्हें मनमाने तौर पर सजा दी गई जो कि सामान्य सभा में उपस्थित चिकित्सकों की सोच पर भी प्रश्न उठाता है। इन चिकित्सकों को इस बात का ज्ञान भी नहीं है कि अधिष्ठाता का पद प्रशासकीय है। इसके निर्वहन में होने वाली त्रुटि की सजा प्रशासकीय होती है, जिसका कोई भी अधिकार छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल को न होकर स्वास्थ शिक्षा विभाग को है। किंतु जान बूझकर इस प्रकार की कार्रवाई कर छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल की प्रतिष्ठा को गिराने का काम किया गया। डॉ. चोपड़ा ने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी है कि इस प्रकार का मनमाना फैसला लेने वाली छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल को तत्काल भंग किया जाय एवं राजनैतिक आधार पर कार्य करने वाले चिकित्सकों को बाहर का रास्ता दिखाया जाए अन्यथा भारतीय जनता पार्टी का चिकित्सा प्रकोष्ठ आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।

Related Articles

Back to top button