मोरबी पुल हादसे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया दुख, श्रद्धांजलि देने के लिए रखा 2 मिनट का मौन

नई दिल्ली: कांग्रेस मुख्यालय में मोरबी ब्रिज हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में 2 मिनट का मौन रखा गया। साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुजरात हादसे को गंभीर घटना बताते हुए इसकी जांच कराने की मांग की है।
खड़गे ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि इस मामले में जबरदस्त लापरवाही हुई है और उच्चतम न्यायालय या उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि जब हाल ही में इस पुल की मरम्मत हुई है तो फिर यह हादसा कैसे हुआ।
Deeply saddened by the tragedy that has struck us with the collapse of the suspension bridge in Morbi, Gujarat.
I appeal to the @INCGujarat workers to extend every possible assistance in rescue work & helping the wounded. My condolences & prayers are with the bereaved families.
— Mallikarjun Kharge (@kharge) October 30, 2022
उन्होंने कहा कि यह भी बड़ा सवाल है कि जब पुल बहुत पुराना था तो इस पर एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों को जाने की इजाजत किसने दी, इसकी भी जांच होनी चाहिए। उनका कहना था कि इस हादसे के सभी दोषियों को दंडित किया जाना बहुत जरूरी है। खड़गे ने पीड़ित परिजनों को राहत देने की भी मांग की। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पीड़ित लोगों की मदद करने का भी आग्रह किया।
गौरतलब है कि गुजरात के मोरबी में रविवार रात को मच्छु नदी पर बने पुराने केबल ब्रिज के अचानक टूटने से हादसे में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पुल पर 400 से ज्यादा लोग मौजूद थे।



