मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

शादियों के मुहूर्त कम, होटल, मैरिज हॉल खोजने में निकल रहा है लोगों का दम

रायपुर(realtimes) शादियाें के सीजन का आगाज देवउठनी एकादशी के बाद 21 नवंबर से हाेगा। इस बार पिछले साल की तुलना में महज आधे मुहूर्त होने के कारण अभी से सारे होटल और मैरिज हॉल बुक हो गए हैं। नवंबर में चार और दिसंबर में पांच ही मुहूर्त हैं। कुल मिलाकर इस साल 9 मुहूर्त हैं, जबकि पिछले साल नवंबर और दिसंबर में 17 मुहूर्त थे। यही वजह है कि इस बार लोगों को होटल और मैरिज हाल खोजे नहीं मिल रहे हैं।
कोरोना की वजह से दो साल तक शादियों के सीजन प्रभावित हुए हैं। पिछले साल तो तीन सीजन के बाद नवंबर और दिसंबर के सीजन में ही रौनक लौटी थी। इसके बाद इस साल अब तक शादियों का सीजन बहुत अच्छा गया है। अब देवउठनी एकादशी के बाद होने वाली शादियों के लिए भी जमकर कारोबार होगा। जहां एक तरफ सराफा और कपड़ा, बर्तन और सारे सेक्टर में जमकर शादियों की खरीदारी हो रही है, वहीं बाकी सेक्टरों में भी रौनक है।
जमकर होगा कारोबार
दीपावली के बाद 5 नवंबर काे देवउठनी एकादशी है, इसके बाद 21 नवंबर को शादी का पहला मुहूर्त हैं। नवंबर में कुल मिलाकर चार 21, 24, 25 और 27 और इसके बाद दिसंबर में पांच मुहूर्त 2, 7,8,9 और 14 दिसंबर काे हैं। इन सारे मुहूर्त में राजधानी के सभी बड़े-छोटे होटलों के साथ मैरिज हाॅल बुक हो गए हैं। राजधानी में 50 से ज्यादा बड़े होटल और मैरिज हॉल हैं। ये सभी बुक हो चुके हैं। इसी के साथ सामुदायिक भवन, छाेटे मैरिज हॉलों में भी स्थान नहीं है। इस बार शादियों के सीजन में होटल, मैरिज हॉल के साथ कैटरिंग और टेंट वालों का भरपूर कारोबार होने वाला है। कैटरिंग और टेंट कारोबार से जुड़े जसपाल सिंह होरा का कहना है, इस बार शादियों के सभी मुहूर्त के लिए कैटरिंग और टेंट की बुकिंग अभी से हो गई है। कारोबारियों की मानें तो इस सीजन में सभी सेक्टरों को मिलाकर इस बार पांच सौ करोड़ से ज्यादा का कारोबार होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button