राहुल, खड़गे के बाद मोदी की भी बड़ी सभा, प्रियंका फिर आएंगी अगले माह

रायपुर(realtimes) अपने राज्य छत्तीसगढ़ में आचार संहिता लगने से पहले ही भाजपा और कांग्रेस के बीच बड़ा चुनावी दंगल प्रारंभ हाे गया है। सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्ष भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के आने का क्रम अभी से प्रारंभ हो गया है। दाे दिन पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की भिलाई में सभा हुई है। एक बार फिर से उनका अगले माह 4 अक्टूबर को उनकी कांकेर में बड़ी सभा हाेगी। इसके पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी का 25 सितंबर को बिलासपुर आना तय हो गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 28 सितंबर को बलौदाबाजार में भरोसे का सम्मेलन में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिलासपुर में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन में बड़ी सभा होगी। इसकी तिथि अभी 28 सितंबर है, लेकिन इस दिन अनंत चर्तुदशी होने के कारण कार्यक्रम एक-दो आगे बढ़ सकता है। मोदी की सभा 29 या 30 सितंबर काे होना प्रस्तावित है।
प्रदेश कांग्रेस की तरफ से तीन राष्ट्रीय नेताओं के इस माह कार्यक्रम तय किए हैं। पहले यहां पर दो सितंबर को राहुल गांधी आए और नया रायपुर में युवाओं के साथ संवाद किया। इसके बाद अब एक बार फिर से राहुल गांधी का कार्यक्रम तय हुआ है। पहले भी यह कार्यक्रम तय किया गया था, लेकिन बाद में इस कार्यक्रम को टाल दिया गया था, लेकिन वापस अब यह कार्यक्रम फाइनल हो गया है। राहुल गांधी 25 सितंबर को ही आएंगे और बिलासपुर की तखतपुर विधानसभा में भरोसे का सम्मेलन में शामिल होंगे।
मोदी की बिलासपुर में बड़ी सभा
प्रदेश भाजपा संगठन ने इस समय प्रदेश में दो परिवर्तन यात्राएं निकाली हैं। एक यात्रा दंतेवाड़ा से 12 सितंबर को निकली है और दूसरी जशपुर नगर ने 15 सितंबर को निकली है। ये यात्राएं विधानसभाओं का दौरा करते हुए बिलासपुर में समाप्त होंगी। यात्राओं के समापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे और बड़ी सभा करेंगे। इस सभा की तैयारी भाजपा ने प्रारंभ कर दी है। समापन यूं तो 28 सितंबर को तय है, लेकिन 28 सितंबर को गणेश विसर्जन की वजह से संभावना है कि उनका आना संभव नहीं होगा। ऐसे में प्रदेश भाजपा संगठन ने 29 या 30 सितंबर का समय प्रधानमंत्री से मांगा है। इसके पहले प्रधानमंत्री मोदी की इस माह 14 सितंबर को रायगढ़ में बड़ी सभा हो चुकी है। एक ही माह में प्रधानमंत्री का यह दूसरा छत्तीसगढ़ का दौरा होगा।
बलौदाबाजार के भरोसे के सम्मेलन में शामिल होंगे खड़गे
प्रदेश की कांग्रेस सरकार लगातार प्रदेश में भरोसे का सम्मेलन कर रही है। एक सम्मेलन में राहुल गांधी के 25 सितंबर को शामिल होने के बाद एक और सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे। यह सम्मेलन 28 सितंबर को बलौदाबाजार में होगा। बलौदाबाजार विधानसभा में कांग्रेस और भाजपा दोनों को छोड़कर वहां पर जोगी कांग्रेस के विधायक प्रमोद शर्मा हैं। हालांकि इस समय श्री शर्मा जोगी कांग्रेस में भी नहीं हैं। कांग्रेस इस बार के चुनाव में बलौदा बाजार की सीट जीतना चाहती है, यही वजह है कि वहां पर राष्ट्रीय अध्यक्ष को बुलाकर बड़ा कार्यक्रम किया जा रहा है। इसके पहले श्री खड़गे जांजगीर चांपा और राजनांदगांव में भरोसे का सम्मेलन में शामिल हो चुके हैं। श्री खड़गे का भी यह इस माह छत्तीसगढ़ का दूसरा दौरा है। इसी माह वे 8 सितंबर को राजनांदगांव के भरोसे का सम्मेलन में शामिल हुए थे।
प्रियंका की आगले माह कांकेर में बड़ी सभा
छत्तीसगढ़ में प्रियंका गांधी का भी लगातार दौरा हो रहा है। एक दिन पहले भिलाई में सभा के बाद अब प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को हुई बैठक में उनका एक और बड़ा कार्यक्रम कांकेर में तय किया है। इस बार उनका आना 4 अक्टूबर को होगा। यहां होने वाले पंचायती राज सम्मेलन में वह शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शिरकत करेंगे।



