टूरिज्म बोर्ड के 22 मोटल, रिसॉर्ट को 30 वर्षों के लिए लीज पर दिए जाने हेतु कार्यवाही शुरू

अन्य राज्यों के निजी निवेशक 21 तक कर सकते है आवेदन
रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा अपने मोटल एवं रिसॉर्ट के संचालन के लिए की जा रही निविदा का उद्देश्य छत्तीसगढ़ एवं अन्य राज्यों के अनुभवी निजी निवेशकों को आमंत्रित कर पर्यटकों को व्यवसायिक दृष्टिकोण से और अधिक सुविधाएं प्रदान करना है। ताकि छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास की दिशा को सक्षम गति प्राप्त हो सके।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा पूर्व में की गई निविदा के माध्यम से रायगढ़ और सरगुजा में स्थित मोटल के संचालन हेतु सफल निविदाकर्ताओं को उनके द्वारा प्रस्तुत अधिकतम वित्तीय प्रस्ताव को समिति द्वारा मान्य किया गया है और शीघ्र ही इन इकाईयों का संचालन सफल निविदाकर्ताओं को सौंपा जावेगा।
निजी निवेशको द्वारा मितान मोटल चढ़ीरमा ( सरगुजा) के लिए एक मुश्त लीज प्रीमियम राशि रु. 15,07,777.00, मितान मोटल, कोड़ातराई (रायगढ़) के लिए एक मुश्त लीज प्रीमियम राशि रु. 25,66,899.00, मितान मोटल कुलीपोटा (जांजगीर-चांपा) के लिए एक मुश्त लीज प्रीमियम राशि रू. 19,24,111.00 एवं मितान मोटल सरगांव ( बिलासपुर) के लिए एक मुश्त लीज प्रीमियम राशि रू. 42,11,121.00 पर 35% वार्षिक किराया प्रस्ताव पर शासन ने मुहर लगा दी है और शीघ्र ही इन 04 मोटल का संचालन प्रारंभ हो जावेगा जिससे स्थानीय एवं देश-विदेश के पर्यटकों को मूलभूत सुविधाएं प्राप्त होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होगें।
वर्तमान में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की 10 संचालित एवं 12 असंचालित कुल 22 इकाईयों को 30 + 30 वर्ष की अवधि के लिए तृतीय चरण की निविदा ऑनलाइन के माध्यम से आमंत्रित की गई है। अधिक जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ शासन की अधिकृत वेबसाइटeproc.cgstate.gov.in एवं छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की अधिकृत वेबसाइट www.chhattisgarhtourism.in से विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के दूरभाष क्र. 0771-4224621 एवं मोबाइल नं. 09300652548 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है ।



