मिशन 2023 पर दिल्ली में बनी रणनीति, भाजपा करेगी प्रदेश सरकार के खिलाफ होगा आंदोलन और तेज

रायपुर(realtimes) प्रदेश में अगले साल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में रणनीति बनाई गई। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होने गए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने राष्ट्रीय संगठन के सामने प्रदेश संगठन की गतिविधियों का पूरा लेखा-जोखा पेश किया। प्रदेश संगठन को आने वाले समय में प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने के साथ बूथों को मजबूत करने के निर्देश मिले हैं।
दो दिवसीय राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक दिल्ली में हुई। बैठक के दूसरे दिन अगले साल जिन राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं, उन राज्यों के अध्यक्षों से राष्ट्रीय संगठन ने जानकारी प्रस्तुत करने के लिए कहा। इस कड़ी में छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदेश में हुए बड़े आंदोलनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया, 24 अगस्त को युवाओं के रोजगार को लेकर राजधानी रायपुर में बड़ा हल्ला बोल आंदोलन किया गया। जिसमें प्रदेश भर के युवा भारी संख्या में जुटे। इसके बाद 9 सितंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन किया गया। इसमें प्रदेश भर के बूथों और शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ता भारी संख्या में शामिल हुए। एक और बड़ा आंदोलन प्रदेश में महिला उत्पीड़न के मामलों को लेकर 11 नवंबर को बिलासपुर में महतारी हुंकार रैली के रूप में किया गया। इसमें प्रदेश के कोने कोने से आई महिलाओं ने राज्य की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। आने वाले समय में होने वाले आंदोलनों की जानकारी देते हुए श्री साव ने बताया प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर बड़ा आंदोलन करने की तैयारी चल रही है। इसकी पूरी रूपरेखा के बारे में उन्होंने बताया। श्री साव ने इसके अलावा संगठन द्वारा बूथों को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कामों के साथ संगठन की गतिविधियों की भी जानकारी दी। बैठक में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसंबर, जो की सुशासन दिवस के रूप मनाया जाता है। इसकी भी विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, संगठन महामंत्री पवन साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल शामिल हुए।



