विहिप की बैठक में आज धर्मांतरण पर कानून बनाने का रखा जाएगा प्रस्ताव - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

विहिप की बैठक में आज धर्मांतरण पर कानून बनाने का रखा जाएगा प्रस्ताव

रायपुर। विश्व हिंदू परिषद केंद्रीय प्रबंध समिति की बैठक में दूसरे दिन आज धर्मांतरण पर भी कानून बनाने का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसी के साथ अन्य मुद्दों पर भी मंथन होगा। एक दिन पहले एक देश एक कानून को लेकर मंथन किया गया। विहिप के केंद्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा, यह संतोष की बात है कि आयोग ने इस विषय पर सभी से विचार आमंत्रित किए हैं। भारतीय समाज के सभी वर्गों के सुझाव प्राप्त कर एवं उन पर विचार कर शीघ्र ही यूसीसी को अधिनियमित किया जाना चाहिए। बैठक के दूसरे दिन
 मुख्य बैठक  सबसे पहले समान नागरिक संहिता को लेकर चर्चा की गई। विहिप के केंद्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया, संविधान का अनुच्छेद 44 सभी सरकारों को पूरे भारत में नागरिकों के लिए एक समान नागरिक संहिता सुनिश्चित करने का निर्देश देता है। श्री कुमार ने कहा, यह अफसोस की बात है कि जो सांसद और विधायक भारत के संविधान के प्रति सच्ची आस्था और निष्ठा रखने की शपथ लेते हैं, वे संविधान के इन 73 वर्षों में भारत के सभी नागरिकों के लिए समान नागरिक संहिता लाने में विफल रहे हैं।
पारिवारिक कानून भी एक हो
श्री कुमार ने कहा, ऐसा कोई कारण नहीं है कि पारिवारिक कानून ही एकमात्र अपवाद क्यों बने रहे। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि एक धार्मिक समुदाय के व्यक्तिगत कानून महिलाओं की गरिमा, समानता और अन्य अधिकारों का गंभीर उल्लंघन करते हैं। बहुविवाह, तलाक और उत्तराधिकार के बारे में उनके प्रावधान आधुनिक समय से लगभग 1400 वर्ष पीछे हैं। इस तरह की प्रथाएं संविधान द्वारा प्रदत्त महिलाओं के अधिकारों का उल्लंघन करती हैं। इसी तरह, यूसीसी के तहत बच्चों के अधिकारों को भी संरक्षित करने की आवश्यकता है।
न्यायालयों ने भी दिया है आवश्यकता पर जोर
सरला मुद्गल के मामले में भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने जल्द से जल्द यूसीसी को अधिनियमित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कई उच्च न्यायालयों ने बार-बार इसकी आवश्यकता पर जोर दिया है। न्यायालय ने याद दिलाया कि अनुच्छेद 51 ए के तहत, धार्मिक विविधताओं से परे भारत के सभी लोगों के बीच सद्भाव और समान भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना सभी नागरिकों का मौलिक कर्तव्य है। भारत में, सभी नागरिक आपराधिक कानून, संपत्ति, अनुबंध और वाणिज्यिक कानूनों सहित सामान्य कानूनों द्वारा शासित होते हैं।
उन्होंने कहा विधि आयोग समाज के विभिन्न वर्गों से अच्छी प्रथाओं को शामिल करके संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप यूसीसी का मसौदा शीघ्र तैयार करेगा। विहिप भारत के सभी नागरिकों के लिए समान नागरिक संहिता शीघ्र लागू करने के लिए आशान्वित है।
मना छत्तीसगढ़ी उत्सव
मुख्य बैठक के पहले दिन शनिवार को छत्तीसगढ़ी उत्सव भी मना। जहां देश भर से पहुंचे अतिथियों का स्वागत छत्तीसगढ़ी पंथी नृत्य और राउत नाचा से किया गया, वहीं दोपहर के भोजन में अतिथियों को छत्तीसगढ़ी व्यंजन ठेठरी, खुरमी, चीला, फरा, चौसेला परोसा गया। अतिथियों ने मजे से इसका स्वाद चखा।
भूपेश बोले- चुनाव करीब इसलिए दिख रहा धर्मांतरण का मुद्दा
भाजपा लगातार धर्मांतरण का मुद्दा उठा रही है। अब विश्व हिंदू परिषद की बैठक में भी धर्मांतरण को लेकर मंथन होने वाला है। ऐसे में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, क्योंकि अभी चुनाव करीब है इसीलिए धर्मांतरण का मुद्दा दिख रहा है। इसके अलावा और कोई मुद्दा नहीं है। ना किसान उनके साथ, ना आदिवासी, ना मजदूर और ना ही व्यापारिक वर्ग उनके साथ है। सच्चाई यह है कि भाजपा केवल ईडी के भरोसे चुनाव लड़ना चाह रही थी, लेकिन ईडी कामयाब नहीं हो सकी तो फिर एक बार पुराने पन्ने पलटने लगे हैं, धर्मांतरण को लेकर सांप्रदायिकता को मुद्दा बना रहे हैं। श्री बघेल ने कहा कि सवाल इस बात का है कि 2006 में रमन सिंह की सरकार ने धर्मांतरण पर जो कानून लाया, वह आज तक लागू क्यों नहीं कर पाए। 2006 से 2018 तक उनकी सरकार थी। केंद्र में उनकी सरकार थी, फिर क्यों लागू नहीं कर पाए। मुख्यमंत्री ने कहा, दूसरी बात यह है मैं बार-बार कहता हूं उनके शासन में बहुत ज्यादा चर्च बने। धर्मांतरण उनके समय में ज्यादा हुआ है और हमारे समय में जो भी शिकायत मिली, उस पर कार्रवाई हुई।

Related Articles

Back to top button