मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

मस्क ने अपने कर्मचारियों को रात 2.30 बजे किया ई-मेल, दो टूक कही ये बात

ट्विटर (Twitter) के सीईओ एलन मस्क ( CEO Elon Musk) ने अपने कर्मचारियों (employees) को देर रात 2:30 बजे ई-मेल किया है। इसमें उन्होंने कर्मचारियों को दो टूक शब्दों में कहा है कि ऑफिस वैकल्पिक नहीं है। साथ ही यह भी नोट किया कि अमेरिका (America) स्थित सैन फ्रांसिस्को कार्यालय (San Francisco Office) आधा खाली था। यह जानकारी ट्विटर के प्रबंध संपादक जो शिफर ने ट्वीट कर साझा की है। इससे पहले पिछले साल मस्क ने टेस्ला कर्मचारियों को ऑफिस लौटने या कहीं और नौकरी खोजने के लिए कहा था। इस बार अरबपति कारोबारी ने अपना रुख ट्विटर पर भी कर्मचारियों के सामने स्पष्ट कर दिया है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट है कि ट्विटर के मालिक एलन मस्क ने अपने कर्मचारियों को देर रात 2:30 बजे यह कहते हुए एक ई-मेल भेजा कि ‘कार्यालय एक वैकल्पिक नहीं है’, और नोट किया कि सैन फ्रांसिस्को कार्यालय ‘कल आधा खाली’ था।

वर्क फ्रॉम होम बंद करने की घोषणा की थी
लेकिन यह पहली बार नहीं है जब मस्क ने देर रात ई-मेल के जरिए अपने कर्मचारियों को फरमान जारी किया हो। पिछले साल, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के कर्मचारियों को तैयार रहने के लिए ई-मेल भेजा था। कहा था कि उनके पास यह विचार करने का समय है कि क्या वे लंबे समय तक काम करना चाहते हैं या तीन महीने का नोटिस पीरियड लेकर कंपनी छोड़ना चाहते हैं।

कम से कम 40 घंटे काम
मस्क ने पिछले साल नवंबर महीने में ट्विटर कर्मचारियों को ई-मेल करके यह घोषणा की थी कि अब वर्क फ्रॉम होम नहीं रहेगा। मस्क ने कहा था कि आने वाला वक्त बहुत चुनौती वाला रहने वाला है। ऐसे में वर्क फ्रॉम होम जैसी सुविधाएं ट्विटर जैसी विज्ञापन पर आधारित कंपनी के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने इस पर बात पर भी जोर दिया कि कर्मचारियों को सप्ताह में कम से कम 40 घंटे काम करना होगा।

गौरतलब है कि 44 अरब डॉलर में ट्विटर पर आधिपत्य के बाद से एलन मस्क कंपनी में तीन-चौथाई से अधिक को नौकरी से निकाल चुके हैं। ब्रिटिश प्रकाशन iNews की एक रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने वरिष्ठ प्रबंधकों को सर्वश्रेष्ठ कर्मचारियों को चुनने के लिए कहा। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि ट्विटर कर्मचारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रमुख बदलाव करने के कठिन लक्ष्य दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button