मंडाविया आए, आज लेंगे भाजपा चुनाव समितियों की बैठक

रायपुर(realtimes) केंद्रीय मंत्री और प्रदेश के सह चुनाव प्रभारी मनसुख मंडाविया दो दिनों के छत्तीसगढ़ प्रवास आज सुबह काे रायपुर पहुंचे। वे यहां पर चुनाव समिति की बैठक लेंगे। इसी के साथ प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों से भी चर्चा करेंगे। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक को लेकर भी यहां चर्चा होगी। इसी के साथ वे दुर्ग में कल होने वाले ओबीसी मोर्चा के सम्मेलन में भी भाग लेंगे।
प्रदेश भाजपा संगठन चुनाव मोड में आ गया। चुनाव की कमान संभालने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी लगातार बैठक ले रहे हैं। दो बार रायपुर का दौरा करने के बाद इस बार उन्होंने दिल्ली में ही प्रदेश के नेताओं के साथ चर्चा की है। इसमें चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया है। भाजपा इस बार के चुनाव में कुछ अलग करने की रणनीति पर काम कर रही है। यह रणनीति क्या है, इसका खुलासा तो नहीं किया जा रहा है, लेकिन यह जरूर कहा जा रहा है, जो रणनीति बनाई जा रही है, उसके बारे में किसी ने सोचा नहीं होगा, ऐसी रणनीति है।
आज होंगी लगातार बैठकें
केंद्रीय संगठन ने जहां छत्तीसगढ़ में चुनाव का प्रभारी, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर काे बनाया है, वहीं केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया को सह चुनाव प्रभारी बनाया गया है। वे यहां पर दिन भर चुनाव समितियों की बैठक लेंगे। भाजपा ने करीब डेढ़ दर्जन चुनाव समितियां बनाई हैं। इनको अलग-अलग जिम्मा दिया गया है। इनसे चर्चा करके श्री मंडाविया उनको वे काम सौंपेंगे जो राष्ट्रीय संगठन ने तय किए हैं। इसी के साथ अमित शाह के साथ दिल्ली की बैठक में टॉस्क तय किए गए हैं, उसके बार में प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों को जानकारी देकर काम करने के लिए कहा जाएगा।



