भूपेश बाेले- माफी मांगें नितिन नवीन, साव का पटलवार, अपमान ही नहीं किया ताे माफी किस बात की

रायपुर(realtimes) भाजपा के सहप्रभारी नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ महतारी को लेकर दिए गए बयान काे प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान बताते हुए इस मामले में माफी मांगने की बात की है। इस पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव का ने पलटवार करते हुए कहा, जब अपमान ही नहीं किया है ताे माफी किस बात की। अपमान करने का काम ताे कांग्रेस ने लगातार किया है। शराबबंदी का वादा करके इसकाे पूरा न करना ही राज्य की माताओं और बहनों के साथ सबसे बड़ा अपमान है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा के प्रदेश सहप्रभारी नितिन नवीन के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, क्या छत्तीसगढ़ भारत से बाहर है। हर प्रदेश का अपना गौरव होता है, अपनी संस्कृति होती है। छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति रायपुर में लगी है। आने वाले समय में पूरे प्रदेश में लगेगी। हम लोग छत्तीसगढ़ को महतारी यानी मां के रूप में देखते हैं। जैसे भारत माता वैसे हमारे लिए छत्तीसगढ़ महतारी है। उसी का नारा लगाते हैं और पूजा भी करते हैं। श्री बघेल ने कहा, यह छत्तीसगढ़ है, जो भारत माता की दुलारी बेटी है। जिस प्रकार से हम भारत माता का सम्मान करते हैं। छत्तीसगढ़ हमारी माता है, अब भाजपा के नेता उसका विरोध कर रहे हैं तो ये छत्तीसगढ़ के लोगों का विरोध है। भाजपा 15 साल यहां सत्ता में रही। कभी यहां की भाषा, संस्कृति को बढ़ाने का काम नहीं किया। आज हम अपनी संस्कृति बढ़ा रहे हैं तो तकलीफ हो रही है।
भाजपा ने 15 साल लूटा
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा, भाजपा ने सत्ता में रहते हुए प्रदेश को 15 साल लूटने और शोषण का काम किया। अब आदिवासी महोत्सव हो रहा है तो उसका भी विरोध कर रहे हैं। बाहर से आए सारे कलाकार बोल रहे, छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया तो इनके पेट में तकलीफ हो रही है। हमें छत्तीसगढ़िया होने पर गर्व है।
साव बोले- महतारी के अपमान का सवाल ही नहीं उठता
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने कहा, महतारी के अपमान का सवाल ही नहीं उठता। हम मान-सम्मान बढ़ाने वाले लोग हैं, जब कोई बात हुई ही नहीं है तो माफी मांगने का प्रश्न ही नहीं है। श्री साव ने ये भी कहा, हम छत्तीसगढ़ अलग राज्य बनाने वाले हैं। दुनिया-देश में छत्तीसगढ़ को अलग पहचान दिलाने वाली भारतीय जनता पार्टी है। छत्तीसगढ़ का मान-सम्मान छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले हम लोग हैं। श्री नवीन ने छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान नहीं किया है, उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। उन्होंने तो यह कहा है कि महज प्रतिमा लगाने से कुछ नहीं होता है। प्रतिमा लगाने का विरोध तो नहीं किया है, फिर अपमान कैसे हो गया। आपने तो राज्य की हर महतारी का अपमान शराबबंदी करने का वादा पूरा न करके किया है। राज्य में महिलाओं के साथ अनाचार और अत्याचार हो रहा है, यह छत्तीसगढ़ की माता और बहनों का अपमान नहीं है तो क्या है। मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए कि क्या छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में भेजने लायक लोग नहीं हैं। ये छत्तीसगढ़ का अपमान नहीं है। तीन राज्यसभा सांसद छत्तीसगढ़ के बाहर के हैं। इन सांसदों ने स्थापना दिवस पर छत्तीसगढ़ की जनता को बधाई तक नहीं दी है।



