भाजपा की शाह, नड्डा के बाद राजनाथ की भी बड़ी सभा तय

रायपुर। प्रदेश भाजपा संगठन ने मिशन 2023 की बड़ी तैयारी प्रारंभ कर दी है। एक के बाद एक केंद्रीय मंत्रियों की सभाएं तय हाे रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद भाजपा ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की कांकेर में बड़ी सभा तय की है।
केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने पर लगातार केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय नेताओं का आना हो रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दुर्ग में 22 जून को सभा होगी। इसके बाद 30 जून को जेपी नड्डा की बिलासपुर और अब एक जुलाई को केंद्रीय रक्षा मंत्री मंत्री राजनाथ सिंह की कांकेर में सभा तय की गई है। इस बीच 20 से 22 जून तक केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह कोरबा लोकसभा में रहेंगे और वहां पर सभा लेंगे।
भाजपा चुनावी मोड में
प्रदेश भाजपा संगठन इस समय पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गया है। केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के मौके पर पूरे एक माह का कार्यक्रम तय किया गया है। इन कार्यक्रमों के बहाने ही भाजपा चुनावी तैयार कर रही है। हर लोकसभा में तो कई तरह के कार्यक्रम और सभाएं हो रही हैं, साथ ही 90 विधानसभाओं में अलग-अलग तरह के तीन सम्मेलन भी किए जा रहे हैं। ऐसे में 270 सम्मेलन विधानसभाओं में ही हो रहे हैं। लोकसभाओं में सभाओं के साथ सम्मेलन भी किए जा रहे हैं।
हर सभा में बड़ी भीड़ जुटाने का लक्ष्य
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बड़ी सभा दुर्ग के स्टेडियम में होगी। इसके लिए 50 हजार से ज्यादा की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसका जिम्मा दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों को दिया गया है। इसी तरह से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की बिलासपुर की सभा में भी 50 हजार से ज्यादा भीड़ जुटाने का जिम्मा बिलासपुर और सरगुजा संभाग काे दिया गया है। तीसरी बड़ा सभा बस्तर संभाग के कांकेर में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह की 1 जुलाई को हाेगी। यहां पर पहले प्रदेश प्रभारी ओम माथुर का दौरा और सभा तय की गई थी, लेकिन उनके स्थान पर अब राजनाथ सिंह का कार्यक्रम तय किया गया है। राजनाथ की सभा में भाजपा ने भीड़ जुटाने का जिम्मा बस्तर संभाग के जिलों काे दिया है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने बताया, केंद्रीय मंत्री की सभा कांकेर में तय की गई है।



