भाजपा की शराबबंदी, तेंदूपत्ता, भ्रष्टाचार पर बड़े आंदोलन की हैट्रिक लगाने की तैयारी

रायपुर(realtimes) चुनावी साल में भाजपा ने छत्तीसगढ़ में आंदोलन काे तेज करने की बड़ी रणनीति बनाई है ।भाजपा इस माह एक साथ आंदोलन की हैट्रिक लगाने की तैयारी में है। वैसे भाजयुमो का एक बड़ा आंदोलन बेरोजगारी भत्ते को लेकर चल रहा है। अब भाजयुमो भ्रष्टाचार को लेकर आंदोलन करने वाला है। इसी के साथ प्रदेश संगठन तेंदूपत्ता पर प्रदेश भर में बड़ा आंदोलन करेगा। इसको लेकर दिल्ली में बैठक कर रणनीति तय की गई है। महिला मोर्चा को शराबबंदी पर आंदोलन करने का जिम्मा दिया गया है। इसको लेकर मंडलों में 15 मई से 15 जून के बीच चक्का जाम किया जाएगा।प्रदेश में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसलिए भाजपा का आंदोलनों पर बड़ा फोकस है। प्रधानमंत्री आवास को लेकर राजधानी रायपुर में बड़े आंदोलन की तरह ही भाजपा लगातार ऐसे ही आंदोलन करना चाहती है। इसके लिए तीन आंदोलनों की बड़ी रूपरेखा तैयार हो चुकी है।
दिल्ली में बनी योजना
तेंदूपत्ता को लेकर भाजपा का जो आंदोलन होना है, उसका बड़ा केंद्र बिंदु बस्तर और सरगुजा होगा। यही वजह है कि बस्तर संभाग की दिल्ली में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने बैठक ली तो इसमें तेंदूपत्ता को लेकर प्रदेश में किए जाने वाले आंदोलन को लेकर रणनीति बनाई गई है। बस्तर और सरगुजा के साथ ही रायगढ़, बलौदाबाजार सहित कई जिले हैं जहां पर तेंदूपत्ता का उत्पादन होता है। कुल मिलाकर 45 विधानसभाओं काे आंदोलन के लिए चिन्हित किया गया है। यहां पर तेंदूपत्ता खरीदी केंद्र में आंदोलन किया जाएगा।
शराबबंदी पर मंडलों में आंदोलन
महिला मोर्चा का शराबबंदी को लेकर बड़ा आंदोलन होगा। इसके लिए महिला मोर्चा की कार्यसमिति में फैसला किया गया है कि 15 मई से 15 जून तक भाजपा के 405 मंडलों में अलग-अलग दिनों में चक्का जाम किया जाएगा। इसके बाद जहां बूथों में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, वहीं जिलाें में चक्का जाम होगा। अंत में राज्य स्तर पर प्रधानमंत्री आवास जैसा बड़ा आंदोलन राजधानी रायपुर में किया जाएगा। महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष शालिनी राजपूत का कहना है, प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया है। चुनाव में कांग्रेस के नेताओं ने गंगाजल हाथ में लेकर शराबबंदी करने की कसम खाई थी, लेकिन सरकार में आने के बाद कांग्रेस ने शराबबंदी नहीं की है।
भ्रष्टाचार पर होगा भी हल्ला बोल
भाजयुमो का इस समय प्रदेश के जिलों में बेराेजगारी भत्ते को लेकर आंदोलन चल रहा है। भाजयुमो को दूसरे मुद्दे के रूप में भ्रष्टाचार को लेकर आंदोलन करने का जिम्मा सौंपा गया है। इसमें पहली कड़ी के रूप में हर मंडल से 21 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी और तहसील कार्यालय तक जाएगी और वहां पर आंदोलन होगा। एक तहसील में दो से तीन मंडल होने पर सभी मंडल अलग-अलग स्थानों से पदयात्रा निकालकर तहसील दफ्तर तक पहुंचकर वहां पर प्रदर्शन करेंगे। यह आंदोलन भी मई में होगा। इसके बाद भ्रष्टाचार को लेकर ही संभागों में 20-20 हजार कार्यकर्ता जुटाकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।



