भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के पहले दिन सभी छोटे-बड़े नेताओं काे बूथों तक जाने का फरमान - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के पहले दिन सभी छोटे-बड़े नेताओं काे बूथों तक जाने का फरमान

रायपुर(realtimes) प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति इस बार अलग अंदाज में राजनांदगांव में नए साल में हाेगी।  हैदराबाद में हुई राष्ट्रीय कार्यसमिति की तर्ज पर कार्यसमिति के पहले दिन बैठक में शामिल होने वाले प्रदेश संगठन के सभी छोटे-बड़े पदाधिकारी राजनांदगांव के बूथों में जाएंगे और पूरा दिन बिताएंगे। इसके बाद वहां से लौटने पर राजनांदगांव में शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। दूसरे दिन कार्यसमिति की बैठक होगी।  बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी ओम माथुर भी शामिल होंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन का हमेशा से बूथों पर ही फोकस रहा है। बूथों को मजबूत बनाकर ही भाजपा जीत का रास्ता निकालती है। प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बूथों को मजबूत करने की रणनीति बनी है। अब इस रणनीति के तहत प्रदेश में पहली बार प्रदेश कार्यसमिति से पहले सभी पदाधिकारियों को बूथों में भेजने का फैसला किया गया है। इस साल जब हैदराबाद में राष्ट्रीय कार्यसमिति का आयोजन किया गया था तो इसमें बैठक में शामिल होने पहुंचे राज्यों के साथ राष्ट्रीय कार्यसमिति के पदाधिकारियों को भी एक-एक बूथ में एक दिन गुजराने भेजा गया था। यहां भी ठीक वही किया जा रहा है।
बूथों से वापस आने के बाद तय होगा एजेंडा
कार्यसमिति के पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें कार्यसमिति के लिए एजेंडें तय किए जाएंगे। इसके बाद कार्यसमिति में एजेंडों पर जहां मंथन होगा, वहीं राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा जाएगा। कार्यसमिति में मुख्य रूप से अगले साल होने वाले चुनाव को लेकर बनाए जाने वाले रोड मैप पर मंथन करके रोड मैप तैयार किया जाएगा। प्रदेश की कांग्रेस सरकार को घेरने के लिए सड़क से लेकर सदन तक की रणनीति बनेगी। अगले माह प्रदेश संगठन प्रधानमंत्री आवास योजना पर बड़ा आंदोलन करने वाला है। इसको लेकर भी रणनीति बनेगी। इसके अलावा अन्य बड़े आंदोलनों को लेकर चर्चा करके रणनीति तय की जाएगी।
ये सब जाएंगे बूथों तक
कार्यसमिति में प्रदेश सहप्रभारी नितिन नवीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, संगठन महामंत्री पवन साय, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक प्रदेश संगठन के सभी पदाधिकारी, कोर कमेटी के सदस्य, सभी सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, संभाग और जिलों के प्रभारियों के साथ 90 विधानसभाओं के प्रभारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, संयोजक शामिल होंगे। इन सबको एक-एक बूथ में दिन भर गुजारना होगा।

Related Articles

Back to top button