भाजपा की दूसरी सूची के जल्द आने की संभावना कम - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा की दूसरी सूची के जल्द आने की संभावना कम

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा को लेकर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन की कवायद में लगे हुए हैं। छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रत्याशियों की दूसरी सूची के अब जल्द आने की संभावना कम नजर आ रही है। 5 या 6 सितंबर काे केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक संभावित थी, लेकिन बैठक नहीं हो पा रही है।  अब बैठक कब होगी, इसकी अभी किसी को कोई जानकारी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समय मिलने पर ही बैठक होगी। अगर 10 सितंबर से पहले प्रधानमंत्री का समय मिला तो सूची आ जाएगी, नहीं तो 15 सितंबर के बाद आएगी, क्योंकि प्रधानमंत्री जी-20 सम्मेलन में व्यस्त हो जाएंगे।
प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 21 प्रत्याशियों का ऐलान 17 अगस्त को ही कर दिया था। इसके बाद से ही दूसरी सूची को लेकर लगातार मंथन हो रहा है। भाजपा इस प्रयास में है कि कांग्रेस की पहली सूची से पहले भाजपा की दूसरी सूची आ जाए। लेकिन अब लगता नहीं है कि कांग्रेस की पहली सूची से पहले भाजपा की दूसरी सूची आ पाएगी। कांग्रेस की पहली सूची 8 सितंबर तक आने की संभावना है।
मोदी के समय पर अटकी दूसरी सूची
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिना संभव नहीं है ऐसा भाजपा के जानकारों का साफ कहना है। श्री मोदी ही एक-एक विधानसभा का फैसला कर रहे हैं। यही वजह है कि भाजपा की दूसरी सूची के अभी 15 सितंबर तक अटकने की संभावना ज्यादा है। आज दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक नहीं हो सकी है। अभी बैठक के लिए प्रधानमंत्री का समय नहीं मिला है। उनका समय कब मिलेगा, कोई बता नहीं पा रहा है। भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी कहते हैं, उनके पास समय रहा तो कल भी बैठक हो सकती है या फिर 8 दिन का समय भी लग सकता है। जानकारों का कहना है अब भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जी-20 सम्मेलन के बाद ही हो सकेगी। यह सम्मेलन 15 सितंबर तक चलेगा।

Related Articles

Back to top button