भाजपा का 109 बिंदुओं पर अविश्वास प्रस्ताव - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा का 109 बिंदुओं पर अविश्वास प्रस्ताव

रायपुर(realtimes) भाजपा विधायक दल की बैठक में प्रदेश सरकार को विधानसभा के मानसून सत्र में घेरने की रणनीति बनाई गई। बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल ने बताया, भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर जबरदस्त तरीके से चर्चा की जाएगी। पिछली 30 तारीख को हमने अविश्वास प्रस्ताव की सूचना दी है। करीब 109 बिंदुओं का आरोप पत्र छत्तीसगढ़ सरकार के खिलाफ तैयार है। आराेप पत्र के बिंदुओं पर विधायक दल की बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। हम मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह करेंगे कि हमारे अविश्वास प्रस्ताव पर शीघ्र चर्चा कराएं।

श्री चंदेल ने कहा, जब से छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की सरकार बनी है, इस सरकार में तेजी के साथ भ्रष्टाचार बढ़ते गए। नए-नए घोटाले हुए हैं। 4 हजार करोड़ से ज्यादा का कोयला घोटाला, 2 हजार करोड़ रुपए का शराब घोटाला, रेत घोटाला, भर्ती घोटाला, व्यापम घोटाला, जितनी भर्तियां हो रही हैं, उसमें दुकान खोली। पीएससी में एक लाख से अधिक युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। डीएमएफ में घोटाला चल रहा है। अधिकारियों की पदस्थापना में बोली लग रही है। 5000 करोड़ से ज्यादा का राशन घोटाला हो गया। गरीबों का राशन भी यह सरकार खा गई। कैंपा मद में भी बंदरबांट हुई है। वन विभाग में घोटाला हुआ। बारदाना घोटाला हुआ। आबकारी विभाग में घोटाले चल रहे हैं। कुल 109 बिंदु हैं। इस आरोप पत्र को विधानसभा में प्रस्तुत करने वाले हैं।

कमीशन और करप्शन की सरकार

चंदेल ने कहा, समाज का कोई वर्ग, कोई तबका इस भूपेश सरकार से संतुष्ट नहीं है। जिस तेजी के साथ भ्रष्टाचार बढ़ा है, हम कह सकते हैं, यह सरकार कमीशन और करप्शन की सरकार है। इस प्रकार के आने के बाद पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में नए किस्म की आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। अपराधों का तेजी से ग्राफ बढ़ा है। किसान खाद और बीज की समस्याओं से जूझ रहे हैं। इन सारे विषय को लेकर हम अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत कर रहे हैं। बिलासपुर क्षेत्र में शासन के संरक्षण में सत्ताधारी दल के लोग अवैध खनन में शामिल हैं। जितनी भी नदियां हैं, जेसीबी मशीनें उनके सीने को चीर रही है। विधायक दल की बैठक में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, धरमलाल कौशिक, पुन्नूलाल मोहले, शिवरतन शर्मा, सौरभ सिंह, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, ननकीराम कंवर, डमरुधर पुजारी, रजनीश सिंह, रंजना साहू, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल मौजूद रहे। 

Related Articles

Back to top button